
भोपाल जिला अदालत में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पारिवारिक विवाद ने कोर्ट परिसर में ही हिंसक रूप ले लिया। जज के सामने वकील पर हमला और धमकी से पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया।
कोर्ट के अंदर ही हमला, जज के सामने हंगामा
मंगलवार को जिला कोर्ट में वकील अनंत संजर पर उनके साले विद्युत भटनागर ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने न सिर्फ धक्का-मुक्की की, बल्कि जज के सामने ही धमकी भी दी। इस दौरान झूमाझटकी में वकील की शर्ट के बटन तक टूट गए। घटना के बाद कोर्ट परिसर में वकीलों का जमावड़ा लग गया और माहौल काफी देर तक गरमाया रहा।
पुराना वीडियो आया सामने, परिवार में दहशत
इस मामले के बीच एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जो करीब 4-5 महीने पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में वकील की पत्नी और उनकी छोटी बेटी डरी-सहमी नजर आती हैं। बाहर से जोर-जोर से दरवाजा पीटने और चिल्लाने की आवाजें सुनाई देती हैं। बताया गया कि उस समय भी आरोपी घर के बाहर हंगामा कर रहा था और जबरन अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था।
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
अनंत संजर का दावा है कि पहले भी उनके साले ने घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की थी। दरवाजा पीटकर धमकियां दीं, जबरन घर में घुसा, महिलाओं के साथ मारपीट की। डर के कारण पत्नी और बेटी बाथरूम में छिप गईं। लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और हंगामा जारी रखा।
पहले भी दर्ज हो चुकी है शिकायत
वकील अनंत संजर के मुताबिक, उन्होंने पहले ही कोलार थाने में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई थी। वे लगातार कानूनी रास्ता अपनाते रहे हैं और अब ताजा घटना के बाद सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
दहेज केस से जुड़ा है विवाद
यह पूरा मामला पारिवारिक विवाद और दहेज प्रताड़ना केस से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपी विद्युत भटनागर के खिलाफ उसकी पत्नी ने केस दर्ज कराया है। अनंत संजर उसी केस में अपनी भाभी की ओर से पैरवी कर रहे हैं। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। मंगलवार को काउंसलिंग के दौरान विवाद बढ़ा और मामला हिंसा तक पहुंच गया।
कोर्ट में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद वकीलों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और विरोध प्रदर्शन किया।स्थिति को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

