
भोपाल में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 170.90 किलो अवैध गांजा से भरा एक आइशर ट्रक पकड़कर 1.33 करोड़ रुपए से अधिक का मशरूका जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कोलार रोड स्थित गोल जोड़ तिराहा के पास एक आइशर ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजा रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान ट्रक के पिछले हिस्से में रखी 6 प्लास्टिक की बोरियों से गांजा बरामद हुआ।
ट्रक में मिली एल्यूमीनियम सिल्लियां
पुलिस को ट्रक से 396 एल्यूमीनियम सिल्लियां भी मिलीं, जिन पर NALCO अंकित था। बरामद गांजा, एल्यूमीनियम सिल्लियां और लगभग 30 लाख रुपए कीमत का आइशर ट्रक समेत कुल जब्त मशरूके की कीमत 1.33 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।
देवास का युवक गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में आनंद बैरागी (23) निवासी ग्राम हथवास, तहसील सतवास, जिला देवास को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
क्राइम ब्रांच अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया, किसे सप्लाई किया जाना था और इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह में कौन-कौन शामिल है। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर भोपाल में बड़ी मात्रा में गांजा खपाने की साजिश नाकाम कर दी गई।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

