शनिवार, 21 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल में डेंगू का डबल अटैक! कम जांच के बावजूद 66% बढ़े मरीज, नवंबर में भी नहीं थम रहा संक्रमण

21 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल में डेंगू का डबल अटैक! कम जांच के बावजूद 66% बढ़े मरीज, नवंबर में भी नहीं थम रहा संक्रमण
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। भोपाल में डेंगू का संक्रमण ठंड की शुरुआत के बाद भी कमजोर नहीं पड़ा है। पिछले साल की तुलना में इस बार मरीजों की संख्या 66% बढ़कर 221 पहुंच गई है, जबकि डेंगू की जांचों में करीब 30% की कमी आई है। शहर की अरेरा कॉलोनी, साकेत नगर, शक्ति नगर, अशोका गार्डन और पुराने भोपाल से लगातार संक्रमित मिल रहे हैं। नवंबर के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। इस महीने संक्रमण दर 10.4% दर्ज की गई है।


नवंबर में ही सामने आए 39 नए मरीज

स्वास्थ्य विभाग की 19 नवंबर तक की रिपोर्ट में इस महीने 375 लोगों की डेंगू जांच की गई, जिनमें 39 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पिछले साल नवंबर की इसी अवधि में 131 जांचों के दौरान सिर्फ 6 मरीज मिले थे। इस बार संक्रमितों की संख्या में करीब 550% की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। संक्रमण दर के आंकड़े भी स्थिति में बदलाव दिखा रहे हैं। पिछले साल यह दर 4.58% थी, जो अब बढ़कर 10.4% हो गई है।


15 दिन में 24 नए मरीज, पिछले साल मिले थे सिर्फ 5

नवंबर में डेंगू के फैलाव की रफ्तार को पिछले साल के आंकड़ों से समझा जा सकता है। 4 से 19 नवंबर के बीच इस साल मरीजों की संख्या 197 से बढ़कर 221 हो गई। यानी महज 15 दिनों में 24 नए संक्रमित सामने आए। पिछले साल इसी अवधि में मरीजों की संख्या 128 से बढ़कर 133 हुई थी। तब 15 दिनों के भीतर केवल 5 नए मामले दर्ज किए गए थे। इस तुलना में इस साल नए मरीज मिलने की रफ्तार लगभग पांच गुना है।


कम जांच में ज्यादा संक्रमित, आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता

स्वास्थ्य विभाग के सालाना आंकड़ों में भी डेंगू का बढ़ता दायरा नजर आ रहा है।

- इस साल: 6,905 जांच में 221 मरीज मिले।

- पिछले साल: 9,803 जांच में 133 मरीज मिले।

- कुल बढ़ोतरी: 88 मरीज यानी 66%।

- जांच में कमी: करीब 30%।


जांच की संख्या कम होने के बावजूद संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।


चिकनगुनिया के मामलों में 59% की गिरावट

डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच मलेरिया और चिकनगुनिया की स्थिति तुलनात्मक रूप से अलग है। मलेरिया के मरीजों की संख्या पिछले साल के 12 से बढ़कर इस साल 13 हुई है। यानी इसमें सिर्फ एक मरीज की बढ़ोतरी हुई। चिकनगुनिया के मामले जरूर घटे हैं। पिछले साल 78 मरीज मिले थे, जबकि इस साल यह संख्या घटकर 32 रह गई है। इसमें करीब 59% की गिरावट दर्ज की गई है।


नगर निगम के साथ मिलकर चल रहा रोकथाम अभियान

डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम मिलकर रोकथाम के उपाय कर रहे हैं।सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा के मुताबिक, शहर के अलग-अलग इलाकों में मच्छरों के लार्वा की जांच की जा रही है। इसके साथ ही फॉगिंग का काम भी कराया जा रहा है।


अरेरा कॉलोनी और साकेत नगर जैसे इलाकों से लेकर पुराने भोपाल तक मरीज मिलने के कारण प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और घरों में जमा पानी की जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें