
भोपाल। दीपावली की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए भोपाल यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों के लिए नई व्यवस्था लागू की है। 4 नवंबर से 9 नवंबर तक पुराने शहर से लेकर न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट और एमपी नगर तक वाहनों की आवाजाही और पार्किंग के नियम बदले रहेंगे।
खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने वाले लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही गाड़ियां खड़ी करनी होंगी। इसके साथ ही 4 नवंबर को बीजेपी की पदयात्रा के चलते भी शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
पुराने भोपाल में इन रास्तों पर रहेगी पाबंदी
जुमेराती, हनुमानगंज और आजाद मार्केट में भीड़ बढ़ने पर चार पहिया वाहनों, ऑटो और लोडिंग वाहनों का प्रवेश रोक दिया जाएगा। इन इलाकों में आने वाले वाहन चालकों के लिए पुलिस ने वैकल्पिक पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
पुराने शहर में वाहन खड़े करने के लिए ये स्थान तय किए गए हैं:
- बाल विहार ग्राउंड (भोपाल टॉकीज)
- मल्टीलेवल पार्किंग (मोती मस्जिद)
- थाना कोतवाली पार्किंग
- सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान (भारत टॉकीज के पास)
लखेरापुरा, इतवारा और इब्राहिमपुरा की तरफ से चौक बाजार जाने वाले तीन और चार पहिया वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
10 नंबर मार्केट में वन-वे व्यवस्था, इस रास्ते से जाएं
10 नंबर मार्केट में वाहनों की आवाजाही एकतरफा रखी गई है। वंदे मातरम चौराहे से 10 नंबर मार्केट होते हुए नेशनल अस्पताल की दिशा में वाहन जा सकेंगे। इसके उलट नेशनल अस्पताल की ओर से 10 नंबर मार्केट में गाड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पार्किंग के लिए बिट्टन मार्केट, 10 नंबर नगर निगम पार्किंग और मनोहर डेरी के पास की जगह निर्धारित की गई है।
न्यू मार्केट और एमपी नगर में पार्किंग के नियम
न्यू मार्केट में खरीदारी करने पहुंचने वाले वाहन चालकों को टीटी नगर थाना चौराहे के पास बनी मल्टीलेवल पार्किंग में गाड़ियां खड़ी करनी होंगी। बाजार में यातायात का दबाव बढ़ने पर रंगमहल और टीटी क्रॉस से वाहनों को दूसरे रास्तों पर भेजा जाएगा। एमपी नगर जोन-1 में भी वाहन पार्क करने के लिए मल्टीलेवल पार्किंग का इस्तेमाल करना होगा।
संतनगर में व्यापारियों और ग्राहकों के लिए अलग पार्किंग
संतनगर में पार्किंग की व्यवस्था व्यापारियों और ग्राहकों के लिए अलग-अलग की गई है। व्यापारियों को पंचवटी चौराहे की मल्टीलेवल पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। ग्राहकों के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से नए ब्रिज के नजदीक अस्थायी पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं।
व्यापारियों को भी यातायात पुलिस के निर्देश
बाजारों में दिन के समय मालवाहक वाहनों के कारण जाम न लगे, इसके लिए दुकानदारों को सामान लाने और ले जाने का समय निर्धारित किया गया है।
- लोडिंग और अनलोडिंग का समय रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक रहेगा।
- दिन के समय दुकानों पर सामान की लोडिंग-अनलोडिंग नहीं की जा सकेगी।
- आम नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की गई है।
- वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने होंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

