
भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र स्थित सुदामा नगर में बुजुर्ग दंपती की हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को 13 दिन बाद अहम सुराग मिला है। जांच के दौरान सामने आए दो संदिग्धों की तस्वीर सार्वजनिक कर पुलिस ने उनकी जानकारी देने वालों के लिए ₹50 हजार के इनाम की घोषणा की है।
पुलिस का दावा है कि इस सुराग तक पहुंचने के लिए 1,000 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज, मोबाइल CDR और करीब 500 चेहरों का मिलान किया गया। अब जांच का फोकस कॉन्ट्रैक्ट किलिंग की आशंका पर भी है।
13 दिन की जांच के बाद सामने आए संदिग्ध
पुलिस ने जांच को तीन स्तर पर आगे बढ़ाया। बड़ी संख्या में CCTV फुटेज और मोबाइल रिकॉर्ड की पड़ताल के बाद दो ऐसे लोगों की पहचान हुई, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध मिली हैं। इन दोनों की तस्वीर सोशल मीडिया पर भी साझा की जा रही है ताकि आम लोगों से पहचान संबंधी जानकारी मिल सके।
कॉन्ट्रैक्ट किलर्स से मिलाए जा रहे चेहरे
जांच अधिकारियों को आशंका है कि हत्या पेशेवर तरीके से अंजाम दी गई हो सकती है। इसी वजह से हरियाणा और पंजाब के कॉन्ट्रैक्ट किलर्स के रिकॉर्ड में मौजूद चेहरों से दोनों संदिग्धों का मिलान कराया जा रहा है। फुटेज में दोनों युवक रेनकोट और ग्लब्स पहने दिखाई दिए हैं। पुलिस के मुताबिक उनकी उम्र करीब 30 से 38 वर्ष के बीच है।
संदिग्धों का रूट भी खंगाला गया
फुटेज को अधिक स्पष्ट करने के लिए पुलिस ने दिल्ली की एक निजी एजेंसी की सहायता ली। जांच में सामने आया कि दोनों पहले एक साथ चलते नजर आते हैं। इसके बाद वे अलग-अलग रास्तों से आगे बढ़ते हैं और फिर सुभाष नगर अंडरब्रिज के पास दोबारा मिलते हैं। वहां से आगे उनकी गतिविधियां कैमरों में रिकॉर्ड नहीं हो सकीं।
किराएदार भी जांच के दायरे में
जांच के दौरान पुलिस को एक और महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। दंपती के मकान में रहने वाला एक किराएदार घटना से चार दिन पहले अचानक लापता हो गया। उसका सामान अब भी मकान में रखा हुआ है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और इस पहलू की भी जांच जारी है।
क्या है पूरा मामला?
26 जून को सुदामा नगर स्थित घर से रेलवे सेवानिवृत्त 70 वर्षीय हेमंत फिलेमोन और उनकी पत्नी 70 वर्षीय शकुंतला के शव बरामद किए गए थे। पड़ोसियों ने घर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी थी। जांच में सामने आया कि दोनों की हत्या 24 जून की रात 8 बजे से 8:30 बजे के बीच गोली मारकर की गई थी। प्रत्येक को दो-दो गोलियां मारी गई थीं।
लोगों से पुलिस की अपील
पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि यदि वायरल तस्वीरों में दिख रहे दोनों संदिग्धों के बारे में कोई भी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

