
भोपाल। दशहरा पर्व पर 20 अक्टूबर को भोपाल में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। रावण दहन, श्री रामविजय रथ यात्रा और पथ संचलन के मद्देनजर भारी वाहनों की शहर में एंट्री दोपहर 2 बजे से रोक दी जाएगी, जबकि शाम के समय अलग-अलग इलाकों में जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा।
शहर के 18 प्रमुख मैदानों में रावण दहन के आयोजन होने हैं। इसके साथ ही करीब 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन निकाले जाएंगे। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
दोपहर 2 बजे से इन रास्तों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री
दशहरा आयोजन को देखते हुए 20 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह रोक निम्न प्रमुख प्रवेश मार्गों और चौराहों पर लागू होगी:
- खजूरी बायपास और मुबारकपुर चौराहा
- नया बायपास लांबाखेड़ा और चौपड़ाकला बायपास
- पटेलनगर, भानपुर और बेस्टप्राइज
- करोंद चौराहा और लालघाटी
- प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा
- सुभाष नगर फाटक और जिन्सी चौराहा
- हबीबगंज नाका और सूरज नगर
- मिसरोद 11 मील
शाम 5 बजे के बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों में यातायात की स्थिति के अनुसार अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किए जाएंगे।
छोला दशहरा मैदान पहुंचने के लिए इन रास्तों का करें इस्तेमाल
भानपुर चौराहे से छोला दशहरा मैदान की ओर केवल उन्हीं हल्के वाहनों और दोपहिया वाहनों को जाने दिया जाएगा, जिनमें सवार लोग रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं।
नादरा बस स्टैंड और डीआईजी बंगले की ओर जाने वाले वाहन इन वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं:
- बेस्टप्राइज तिराहा
- कृषि उपज मंडी
- जेपी नगर तिराहा
- डीआईजी बंगला चौराहा
- गणेश मंदिर छोला अंडरब्रिज
विदिशा और बैरसिया की तरफ से आने वाली नादरा बस स्टैंड तथा पुतलीघर बस स्टैंड जाने वाली बसें भानपुर चौराहे या बेस्टप्राइज तिराहे तक ही पहुंच सकेंगी। शाम 6 बजे के बाद इन बसों को दोनों बस स्टैंड तक जाने की अनुमति नहीं होगी।
श्री रामविजय रथ यात्रा के दौरान इन मार्गों पर रहेगी रोक
श्री रामविजय रथ यात्रा बांके बिहारी मंदिर, मारवाड़ी रोड से शुरू होगी। इसका निर्धारित मार्ग चिंतामन चौराहा, यूनानी सफाखाना, सुल्तानिया रोड, चौकी चौक, घोड़ा नक्कास, छोटे भैया चौराहा और नादरा बस स्टैंड से होते हुए छोला दशहरा मैदान तक रहेगा।
रथ यात्रा के नादरा बस स्टैंड पहुंचने पर भोपाल टॉकीज चौराहे और अल्पना तिराहे से नादरा की ओर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी।
यात्रा के छोला रोड में प्रवेश करने के बाद छोला मैदान जाने वाले वाहन काजी कैंप, डीआईजी बंगला, जेपी नगर तिराहा, कृषि उपज मंडी के सामने और बेस्टप्राइज होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
छोला मैदान के पास तीन जगह पार्किंग की व्यवस्था
छोला दशहरा मैदान में रावण दहन देखने आने वाले लोगों के वाहनों के लिए तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं:
- रेलवे गोदाम के पास
- टिंबर मार्केट
- स्टेडियम के पास
यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है।
भेल दशहरा मैदान जाने वालों के लिए बदला रूट
भेल दशहरा मैदान में रावण दहन के दौरान चेतक ब्रिज, अन्ना नगर, करियर कॉलेज, बीएचईएल गेट नंबर-6, सिक्योरिटी लाइन तिराहा और हेमा स्कूल के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।
एमपी नगर और चेतक ब्रिज से अवधपुरी जाने वाले वाहन अन्ना नगर से दाएं मुड़कर हबीबगंज मस्जिद तिराहे तक पहुंच सकते हैं। यहां से बाएं मुड़कर जवाहरलाल नेहरू गुलाब उद्यान के रास्ते बीएचईएल और अवधपुरी की ओर जाया जा सकेगा।
सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक इन इलाकों में बढ़ सकता है ट्रैफिक
दशहरे पर शहर में करीब 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन आयोजित होंगे। इसके कारण पुराने भोपाल के कई इलाकों में सुबह से दोपहर तक यातायात प्रभावित रहने की आशंका है।
प्रभावित रहने वाले प्रमुख क्षेत्र हैं:
- अशोका गार्डन
- छोला
- शाहजहांनाबाद
- कोतवाली
- तलैया
- बुधवारा
- मंगलवारा
- हनुमानगंज
इन इलाकों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की जरूरत पड़ सकती है।
भोपाल के इन 18 मैदानों में होगा रावण दहन
दशहरा पर्व पर शहर के 18 प्रमुख मैदानों में रावण दहन के बड़े आयोजन होंगे। इनकी सूची इस प्रकार है:
1. बैरागढ़
2. गांधीनगर
3. कोहेफिजा
4. छोला
5. हाउसिंग बोर्ड
6. अशोका गार्डन
7. जंबूरी
8. अयोध्या नगर
9. भेल
10. एमवीएम कॉलेज
11. विट्ठल मार्केट
12. लहारपुरा
13. पांच नंबर बस स्टॉप
14. ओल्ड कैंपियन
15. टीटी नगर
16. कोलार
17. शाहपुरा
18. कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड
इन आयोजन स्थलों की ओर जाने वाले रास्तों पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
ट्रैफिक संबंधी परेशानी पर इस नंबर पर करें संपर्क
यातायात पुलिस ने नागरिकों से घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है।
यातायात से जुड़ी परेशानी होने पर भोपाल ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

