
भोपाल। राजधानी भोपाल में ई-बस सेवा का दायरा बढ़ाने की तैयारी के तहत शहर के करीब 60 फीसदी हिस्से को तीन जोन में बांटकर नए रूट निर्धारित किए गए हैं। इन मार्गों पर अभी 20 ई-बसें चलाई जाएंगी।
बीसीएलएल इन बसों के संचालन से होने वाली लागत और मुनाफे का आकलन करेगा। यात्रियों को नई सेवा के लिए अतिरिक्त किराया नहीं देना होगा और आगे जरूरत के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी।
तीन नए रूट पर शुरू होगा संचालन
भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) ने ई-बसों के लिए B-35, B-36 और B-37 रूट तय किए हैं। इन मार्गों को शहर के अलग-अलग प्रमुख इलाकों, अस्पतालों, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, बाजार और प्रमुख सरकारी कार्यालयों से जोड़ा गया है। बीसीएलएल के सीईओ अंजु अरुण कुमार के मुताबिक, यात्रियों को इन रूटों पर पहले से लागू किराए पर ही परिवहन सुविधा दी जाएगी। किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
B-35: चिरायु अस्पताल से आकृति इकोसिटी सलैया
B-35 रूट चिरायु अस्पताल, बैरागढ़ से शुरू होकर आकृति इकोसिटी सलैया तक जाएगा। इस मार्ग में लालघाटी, कलेक्ट्रेट, हमीदिया, रॉयल मार्केट और पीरगेट जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। रूट आगे कमला पार्क, पॉलिटेक्निक चौराहा, रंगमहल चौराहा, रोशनपुरा, नानके पेट्रोल पंप, मेन रोड नंबर-1 और प्रकाश तरण पुष्कर से होकर गुजरेगा। इसके बाद बसें रेड क्रॉस अस्पताल, बोर्ड ऑफिस मेट्रो स्टेशन चौराहा, एम.पी.नगर मेट्रो स्टेशन, भाजपा कार्यालय, बिट्टन मार्केट और 1100 क्वार्टर पहुंचेंगी। मार्ग में 12 नंबर बस स्टॉप, ईश्वर नगर, तिलक नगर, रोहित नगर और बावड़िया चौराहा भी शामिल हैं। अंतिम पड़ाव आकृति इकोसिटी सलैया रहेगा।
B-36: कोच फैक्ट्री से बैरागढ़ चिचली
B-36 रूट कोच फैक्ट्री भोपाल रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1 से बैरागढ़ चिचली होते हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर, कोलार रोड तक निर्धारित किया गया है। इस रूट में द्वारका नगर, पुष्पा नगर, अशोका गार्डन, प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा, ओल्ड सुभाष नगर, शांति निकेतन और चेतक ब्रिज तिराहा शामिल हैं। बस बोर्ड ऑफिस चौराहा मेट्रो स्टेशन और एमपी नगर मेट्रो स्टेशन के साथ भाजपा कार्यालय, सुभाष स्कूल, बिट्टन मार्केट और 1100 क्वार्टर को भी जोड़ेगी। आगे मनीषा मार्केट, बंसल अस्पताल, चूनाभट्टी चौराहा, मंदाकिनी चौराहा, नयापुरा, ललिता नगर और गेहुखेड़ा के रास्ते बैरागढ़ चिचली पहुंचेगी। अंतिम क्षेत्र श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर, कोलार रोड रहेगा।
B-37: बैरागढ़ से ISBT तक सीधा कनेक्शन
B-37 रूट बैरागढ़ ई-बस डिपो से शुरू होकर नादरा और वल्लभ भवन होते हुए बोर्ड ऑफिस चौराहा मेट्रो स्टेशन से ISBT तक जाएगा। मार्ग में बैरागढ़ मार्केट, लालघाटी, कलेक्ट्रेट, हमीदिया हॉस्पिटल, रॉयल मार्केट, एलबीएस हॉस्पिटल, शाहजहांनाबाद और भोपाल टॉकीज शामिल हैं। इसके बाद बस नादरा बस स्टैंड, रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-6, भारत टॉकीज, लेडी हॉस्पिटल, जहांगीराबाद और पीएचक्यू पहुंचेगी। आगे मालवीय नगर, मिंटो हॉल, बिड़ला मंदिर, वल्लभ भवन, विंध्याचल, जिला न्यायालय और डीबी मॉल को जोड़ा गया है। अंतिम हिस्से में बोर्ड ऑफिस चौराहा मेट्रो स्टेशन, चेतक ब्रिज होते हुए ISBT तक बस चलेगी।
जरूरत बढ़ी तो बढ़ेंगी ई-बसें
बीसीएलएल फिलहाल 20 ई-बसों के जरिए इन तीन नए रूटों के संचालन का परीक्षण करेगा। इस दौरान परिवहन व्यवस्था की लागत और मुनाफे का आकलन किया जाएगा। शहर के यात्रियों के लिए खास बात यह है कि इन सेवाओं के लिए किराए में कोई वृद्धि नहीं की गई है। संचालन के परिणाम और जरूरत को देखते हुए भविष्य में अतिरिक्त ई-बसें भी चलाई जा सकती हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

