
भोपाल और आसपास के शहरों में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में 15 जुलाई से नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है। पहले चरण में 20 ई-बसें शहर के 10 प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी और 4 जुलाई तक इनके भोपाल पहुंचने की तैयारी है।
नई सेवा का दायरा सिर्फ नगर निगम सीमा तक सीमित नहीं रहेगा। बसें मंडीदीप, सीहोर और औबेदुल्लागंज जैसे आसपास के क्षेत्रों तक भी चलेंगी, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।
किराया सिर्फ 2 रुपये, 'चलो' ऐप से मिलेगी लाइव लोकेशन
यात्रियों के लिए शुरुआती किराया सिर्फ ₹2 रखा गया है, जिसमें 1.5 किलोमीटर तक यात्रा की जा सकेगी। यात्रा को डिजिटल बनाने के लिए टिकट बुकिंग 'चलो' मोबाइल ऐप से होगी। इसी ऐप पर बसों की लाइव लोकेशन भी उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रियों को बस के आने की जानकारी पहले से मिल सकेगी।
साल के अंत तक 100 और अगले वर्ष 140 नई ई-बसें
प्रशासन की योजना के अनुसार, इस वर्ष के अंत तक भोपाल में कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इसके बाद अगले वर्ष 140 और नई ई-बसों को बेड़े में शामिल किया जाएगा, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन का दायरा और बढ़ेगा।
सबसे लंबा रूट: सीहोर से रातापानी
सबसे लंबा रूट: 68.5 किमी
यह बस सीहोर से शुरू होकर फंदा, चिरायु अस्पताल, बैरागढ़, कलेक्ट्रेट, हमीदिया अस्पताल, रोशनपुरा, वल्लभ भवन, बोर्ड ऑफिस, चूना भट्टी, मंदाकिनी चौराहा, बीमा कुंज और कजलीखेड़ा होते हुए रातापानी तक जाएगी।
सबसे छोटा रूट: अचारपुरा से बीडीए कॉलोनी
सबसे छोटा रूट: 32 किमी
यह सेवा अचारपुरा इंडस्ट्रियल एरिया से शुरू होकर लांबाखेड़ा, करोंद, आरिफ नगर, संगम टॉकीज, रेलवे स्टेशन, सुभाष नगर, वल्लभ भवन, बोर्ड ऑफिस और आरकेएमपी (रानी कमलापति) स्टेशन होते हुए बीडीए कॉलोनी तक पहुंचेगी।
अन्य 8 रूट और उनकी दूरी
परवलिया सड़क – औबेदुल्लागंज : 56 किमी
सीहोर – कटारा बायपास तिराहा : 53 किमी
अटल बिहारी विवि – बगरोदा : 50 किमी
सूखी सेवनिया – भोजपुर : 49 किमी
अचारपुरा – बिलकिसगंज : 41 किमी
कोच फैक्ट्री – औबेदुल्लागंज : 41 किमी
फंदा – मंडीदीप : 65 किमी
बिलखिरिया – सीहोर : 61 किमी
रोजाना अप-डाउन करने वालों को मिलेगा फायदा
नई ई-बस सेवा शुरू होने के बाद भोपाल के साथ मंडीदीप, सीहोर, औबेदुल्लागंज और अचारपुरा जैसे औद्योगिक एवं आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को कम खर्च में सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

