
भोपाल में इलेक्ट्रिक वाहन चलाने वालों के लिए चार्जिंग की सुविधा बढ़ाने की तैयारी है। शहर के आईएसबीटी, मेट्रो स्टेशन और बस डिपो सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
गुरुवार को स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने चार्जिंग नेटवर्क को इस तरह विकसित करने के निर्देश दिए कि वाहन चालकों को चार्जिंग के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की हुई समीक्षा
गोविंदपुरा स्थित भोपाल स्मार्ट सिटी कार्यालय में हुई बैठक में पूरी हो चुकी परियोजनाओं और आने वाली योजनाओं का प्रजेंटेशन दिया गया। एबीडी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के साथ ईवी चार्जिंग परियोजनाओं की प्रगति भी देखी गई। संभागायुक्त ने परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ाने के लिए जरूरी बाधाओं को दूर करने पर जोर दिया।
टीटी नगर में लैंड मोनेटाइजेशन की भी समीक्षा
बैठक के दौरान टीटी नगर के स्मार्ट सिटी एबीडी क्षेत्र में चल रही लैंड मोनेटाइजेशन प्रक्रिया की जानकारी ली गई। कर्मवीर शर्मा ने कहा कि विकास योजनाओं का फायदा सीधे शहरवासियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने लंबित कामों को बिना जरूरत आगे बढ़ाने से बचने और परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बी-नेस्ट और ट्रैफिक सिस्टम का निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद संभागायुक्त ने भोपाल स्मार्ट सिटी के बी-नेस्ट इंक्यूबेशन सेंटर और इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) का निरीक्षण किया। आईटीएमएस के दौरान उन्होंने ई-चालान व्यवस्था की जानकारी ली। बी-नेस्ट के जरिए शहर के स्टार्टअप्स को काम करने के लिए इंक्यूबेशन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
शहर में ईवी चार्जिंग नेटवर्क बढ़ाने पर फोकस
ईवी चार्जिंग स्टेशनों को प्रमुख सार्वजनिक स्थलों से जोड़ने का मकसद इलेक्ट्रिक वाहन चालकों के लिए चार्जिंग को अधिक सुलभ बनाना है। निर्देश के मुताबिक आईएसबीटी, मेट्रो स्टेशन, बस डिपो समेत अन्य प्रमुख स्थानों को इस नेटवर्क में शामिल किया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

