
भोपाल। आगामी जन्माष्टमी, गणेशोत्सव, डोल ग्यारस और अनंत चतुर्दशी को देखते हुए भोपाल पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारी तेज कर दी है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने शांति समिति और धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर प्रतिमा स्थापना, जुलूस और विसर्जन से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की।
कमिश्नर कार्यालय में हुई बैठक में त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने पर जोर दिया गया। पुलिस ने लोगों से जुलूस और विसर्जन के समय सहयोग करने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की।
प्रतिमा स्थलों पर CCTV लगाना जरूरी
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने प्रतिमा स्थलों पर अनिवार्य रूप से CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए। त्योहारों के दौरान प्रतिमा स्थलों और आयोजन से जुड़े क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने की बात कही गई।
बैठक में जुलूस और विसर्जन के दौरान पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी चर्चा हुई।
मूर्तियों को लेकर हिंदू उत्सव समिति ने रखा सुझाव
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने विसर्जन कुंडों में पुरानी संरचना और एआई से बनी प्रतिमाएं मिलने की स्थिति में संबंधित मूर्तिकार तथा समिति के खिलाफ कार्रवाई का सुझाव दिया।
उन्होंने प्रतिमाओं का निर्माण पौराणिक पद्धति से कराने की बात भी रखी।
अश्लील गानों पर DJ कार्रवाई की मांग
बैठक में डीजे से जुड़े मामलों पर भी सुझाव दिया गया। चंद्रशेखर तिवारी ने अश्लील गाने बजाने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने और ऐसे डीजे जब्त करने की मांग रखी।
सड़कों की मरम्मत के निर्देश
प्रतिमा पंडालों और चल समारोह से जुड़े मार्गों को लेकर नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को जरूरी काम कराने के निर्देश दिए गए। इन विभागों से प्रतिमा पंडालों तक पहुंचने वाली सड़कों की मरम्मत कराने और चल समारोह के रास्तों को दुरुस्त करने को कहा गया है।
विसर्जन के दिन मांस-मटन दुकानें बंद रखने का सुझाव
बैठक में विसर्जन के दिन मांस-मटन की दुकानों को बंद रखने का सुझाव भी सामने आया। त्योहारों के दौरान विभिन्न समुदायों के बीच सौहार्द बनाए रखने और शांतिपूर्ण आयोजन पर बैठक में जोर दिया गया।
बैठक में ये अधिकारी और धर्मगुरु रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान, मोनिका शुक्ला, डीसीपी अखिल पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और धर्मगुरु मौजूद रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

