
भोपाल। भोपाल में शादी समारोहों के दौरान मेहमानों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता अब खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी में रहेगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीमें मैरिज गार्डन, होटल के बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग संचालकों के यहां औचक निरीक्षण कर खाने की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट और फूड लाइसेंस की जांच करेंगी। देवउठनी एकादशी के बाद विवाह समारोहों का सिलसिला शुरू हो चुका है। राजधानी के मैरिज गार्डन में अगले 2 से 3 महीने तक बुकिंग फुल है। रोजाना बड़ी संख्या में मेहमानों के भोजन करने को देखते हुए विभाग ने जांच अभियान चलाने का फैसला किया है।
मैरिज गार्डन से लेकर कैटरिंग संचालकों तक होगी जांच
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करेंगी। इस अभियान में मैरिज गार्डन के साथ होटल के बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग व्यवसाय भी शामिल रहेंगे।
जांच के दौरान मुख्य रूप से इन बिंदुओं पर ध्यान दिया जाएगा:
- खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट।
- खाद्य सुरक्षा लाइसेंस की उपलब्धता।
- भोजन बनाने और परोसने की जगह की साफ-सफाई।
- निर्धारित सेनेटरी और हाइजीनिक मानकों का पालन।
विभाग के अनुसार, खाद्य कारोबार करने वाले सभी संचालकों के लिए वैध खाद्य सुरक्षा लाइसेंस लेना और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
बिना फूड लाइसेंस कारोबार मिला तो बंद हो सकता है प्रतिष्ठान
निरीक्षण के दौरान बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के कारोबार संचालित मिलने पर संबंधित संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर खाद्य कारोबार पर प्रतिबंध लगाकर प्रतिष्ठान का संचालन भी बंद कराया जा सकता है।
आम्र पैलेस में मिलीं कई अनियमितताएं
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बैरागढ़ चीचली, कोलार रोड स्थित आम्र पैलेस का मंगलवार को निरीक्षण किया था। जांच में कैटरिंग और बैंक्वेट हॉल के माध्यम से बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस कारोबार संचालित होना पाया गया। प्रतिष्ठान के बिल और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल में सामने आया कि वर्ष 2025 से यहां लगातार कैटरिंग और बैंक्वेट हॉल से जुड़ा खाद्य कारोबार किया जा रहा था। इसके बावजूद निरीक्षण के समय खाद्य सुरक्षा लाइसेंस उपलब्ध नहीं कराया गया।
कैंटीन में गंदगी, ब्रेड-पाव की अवधि भी खत्म
जांच दल को आम्र पैलेस के कैंटीन और भोजन तैयार करने वाले हिस्से में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। सेनेटरी और हाइजीनिक व्यवस्था में भी कमियां पाई गईं। इसके अलावा खाद्य सामग्री के रूप में रखे ब्रेड और पाव की उपयोग अवधि समाप्त हो चुकी थी। प्रतिष्ठान के पास गुमास्ता और GST पंजीयन तो मिले, लेकिन खाद्य कारोबार के लिए जरूरी लाइसेंस नहीं मिला।
शादी समारोह से पनीर और गुलाब जामुन के सैंपल लिए
निरीक्षण के दौरान आम्र पैलेस में कोलार निवासी हर्ष मिश्रा के परिवार का विवाह समारोह आयोजित हो रहा था। मेहमानों को परोसने के लिए तैयार किए गए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए टीम ने पनीर और गुलाब जामुन के नमूने एकत्र किए।
इन नमूनों को जांच के लिए लिया गया है।
कोलार रोड की किराना दुकान से बेसन और धनिया पाउडर के नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कोलार रोड स्थित दीपक साहू किराना प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों का उल्लंघन और कई अनियमितताएं सामने आईं। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए बेसन और धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। दुकान में स्वच्छता और हाइजीन के निर्धारित मानकों का पालन भी नहीं पाया गया।
विभाग ने दुकान संचालक को कमियों में सुधार करने और निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सुधार सूचना पत्र जारी किया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

