
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर निगम और पुलिस ने घाटों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। 13 क्रेन, 12 पोकलेन और 184 गोताखोर प्रमुख विसर्जन स्थलों पर तैनात रहेंगे।
डोल ग्यारस से शुरू हुआ प्रतिमा विसर्जन अनंत चतुर्दशी तक चलेगा। घाटों पर लोगों के पानी में उतरने पर रोक रहेगी, जबकि निगम की टीमें सुरक्षा उपकरणों के साथ मौजूद रहेंगी।
दो दर्जन से ज्यादा जगहों पर निगम के स्टॉल
नगर निगम ने प्रतिमाओं के सुरक्षित संग्रह और सामूहिक विसर्जन के लिए शहर में 24 से अधिक स्थानों पर स्टॉल लगाने की व्यवस्था की है। लालघाटी चौराहा, गांधी नगर, करोंद चौराहा, कोलार, रायसेन रोड और अवधपुरी समेत पुराने शहर के कई हिस्सों में लोग पूजा के बाद प्रतिमाएं निगम के स्टॉल तक पहुंचा सकेंगे। इसके बाद निगम इन प्रतिमाओं का सामूहिक रूप से विसर्जन करेगा। कई जगह स्टॉल तैयार भी किए जा चुके हैं।
सात प्रमुख घाटों पर सुरक्षा का जिम्मा
विसर्जन के लिए प्रमुख रूप से इन घाटों पर इंतजाम किए गए हैं—
खटलापुरा
प्रेमपुरा
संत हिरदाराम नगर बैरागढ़
हथाईखेड़ा डैम
शाहपुरा
आर्च ब्रिज
मालीखेड़ी
इन स्थानों पर पुलिस और नगर निगम की टीमें मौजूद रहेंगी। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी। इन घाटों पर पिछले दो दिनों में 1,500 से ज्यादा गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका है।
क्रेन-पोकलेन से होगा प्रतिमाओं का विसर्जन
बड़े आकार की प्रतिमाओं को पानी तक पहुंचाने और विसर्जन प्रक्रिया में मदद के लिए मशीनरी लगाई गई है।
13 क्रेन
12 पोकलेन
184 गोताखोर
क्रेन और पोकलेन की सहायता से श्रद्धालु प्रतिमाओं का विसर्जन करा सकेंगे।
लाइफ जैकेट और तैराकों की भी व्यवस्था
घाटों पर सुरक्षा के लिए नगर निगम कर्मचारियों को कई जरूरी संसाधनों के साथ तैनात किया जाएगा। इनमें लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, ट्यूब, रस्सी बंडल और पीए सिस्टम शामिल हैं। इसके अलावा तैराकों की ड्यूटी भी लगाई गई है। श्रद्धालुओं को पानी में उतरने की अनुमति नहीं रहेगी।
चल समारोह वाले रास्तों पर भी रोशनी
गणेश विसर्जन जुलूस और चल समारोह के दौरान रास्तों पर पर्याप्त रोशनी के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। प्रेमपुरा, रानी कमलापति, शाहपुरा, खटलापुरा, हथाईखेड़ा, मालीखेड़ी और बैरागढ़ विसर्जन घाटों पर 1,090 एलईडी फ्लड लाइट्स लगाई गई हैं। चल समारोह के मार्गों पर इसके अतिरिक्त 575 फ्लड लाइट्स लगाई गई हैं।
घाटों पर भीड़ संभालना बड़ी चुनौती
गणेश प्रतिमाओं के साथ शहर के अलग-अलग हिस्सों से विसर्जन जुलूस घाटों तक पहुंचेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और प्रतिमाओं की संख्या को देखते हुए पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

