
भोपाल में शनिवार सुबह गैंगवार की सनसनीखेज घटना सामने आई। शहर के अशोका गार्डन इलाके में कुख्यात बदमाश लल्लू रईस के घर पर कुछ हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में उसका बेटा इमरान घायल हो गया, जबकि आरोपियों ने बाद में अस्पताल परिसर में भी फायरिंग कर दहशत फैला दी।
तड़के घर पर पहुंचकर की फायरिंग
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे कुछ हमलावर अशोका गार्डन क्षेत्र में स्थित लल्लू रईस के घर के बाहर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि हमलावरों की संख्या करीब 8 से 10 थी और वे कथित तौर पर शादाब गेट गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं। आरोप है कि हमलावर इमरान का पीछा करते हुए घर तक पहुंचे और जैसे ही वह गेट के पास पहुंचा, उसके पीछे से फायरिंग शुरू कर दी।
पैर में लगी गोली, घर में घुसकर बचाई जान
फायरिंग होते ही इमरान ने तेजी से घर के अंदर घुसकर गेट बंद कर लिया। इसी दौरान चली एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। परिवार के लोगों ने तुरंत उसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल परिसर में भी गोलीबारी का आरोप
घटना के बाद आरोप लगाया गया कि हमलावर अस्पताल तक पहुंच गए और वहां भी फायरिंग की। बताया जा रहा है कि गोली अस्पताल की खिड़की और दीवार से टकराई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह
लल्लू रईस के अनुसार यह हमला दो साल पुरानी दुश्मनी का नतीजा है। बताया गया कि पहले हुए एक विवाद में इमरान ने शादाब गेट के भाई पर हमला किया था, जिसमें उसकी उंगलियां कट गई थीं। उसी घटना का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया।
अवैध कारोबार को लेकर भी विवाद
लल्लू रईस का आरोप है कि कुछ आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में जुआ और सट्टे का अवैध धंधा चलाते हैं। उनका कहना है कि वह इन गतिविधियों के वीडियो बनाकर सामने लाते हैं, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई करती है। इसी कारण से आरोपी उनसे रंजिश रखते हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
यह मामला अशोका गार्डन और कोहेफिजा थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। एसीपी अनिल बाजपेयी के मुताबिक पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमीदिया अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

