
भोपाल। राजधानी भोपाल के गौतम नगर इलाके में होटल से जुड़े एक वायरल वीडियो ने मंगलवार रात पुराने शहर का माहौल गरमा दिया। वीडियो के विरोध में हजारों लोग ताजुल मस्जिद, पीरगेट और इमामीगेट इलाके में जमा हो गए। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। एहतियात के तौर पर पुराने शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है।
होटल में युवक के साथ मारपीट का आरोप
जानकारी के मुताबिक 9 मई को गौतम नगर के एक होटल में हिंदू संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती को पकड़ लिया था। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई, उसके चेहरे पर स्याही और गोबर लगाया गया और बाद में उसे अर्धनग्न हालत में पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस दौरान धार्मिक टिप्पणी किए जाने के आरोप भी लगे हैं।
वीडियो वायरल होते ही बढ़ा गुस्सा
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुस्लिम समाज में नाराजगी बढ़ गई। मंगलवार दोपहर बड़ी संख्या में लोग ताजुल मस्जिद के बाहर जमा हुए। इसके बाद शहर काजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस कमिश्नर से की गई कार्रवाई की मांग
Arif Masood और Atiq Akeel समेत कई प्रतिनिधियों ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई की रफ्तार धीमी है। उन्होंने आरोपियों पर NSA लगाने और कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
रात में फिर सड़क पर उतरी भीड़
रात करीब 8:30 बजे प्रदर्शन फिर तेज हो गया। हजारों लोग सड़कों पर उतर आए और जमकर नारेबाजी की गई। पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद किए। हालात बिगड़ते देख हल्का बल प्रयोग भी किया गया।
पुलिस पर पथराव, वाहन क्षतिग्रस्त
मोती मस्जिद इलाके में कुछ युवकों द्वारा पुलिस पर पथराव किए जाने की सूचना सामने आई। पथराव में थाना तलैया का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने हालात नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और अतिरिक्त बल तैनात किया गया।
युवती ने क्या कहा?
पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब 5 वर्षों से युवक आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। युवती के मुताबिक उसके साथ कोई जबरदस्ती नहीं हुई। उसने कहा कि दोनों होटल में मिलने पहुंचे थे क्योंकि जिस जगह वह रह रही है वहां बाहरी लोगों के आने की अनुमति नहीं है।
पुलिस बोली- हालात नियंत्रण में
शाहजहांनाबाद संभाग के ACP ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को घर भेज दिया गया है। पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

