
भोपाल। भोपाल के विकास की दिशा तय करने वाले 51 किलोमीटर लंबे ग्रोथ कॉरिडोर की प्रस्तावित चौड़ाई को लेकर नया मुद्दा सामने आया है। इसे 300 मीटर के बजाय 500 मीटर तक विस्तारित करने की मांग उठ रही है, ताकि शहर को इस परियोजना का पूरा फायदा मिल सके। मास्टर प्लान पर चल रही सुनवाई में कॉरिडोर की चौड़ाई, निर्माण परियोजनाओं की एंट्री, कैचमेंट एरिया और जमीन के इस्तेमाल से जुड़े सुझाव सामने आए हैं। शुक्रवार को 142 आपत्तिकर्ताओं ने अपनी बात रखी।
500 मीटर चौड़ाई की मांग के पीछे क्या है वजह?
ग्रोथ कॉरिडोर के प्रस्ताव में बदलाव को लेकर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएंडसीपी) विभाग तक आवेदन पहुंच रहे हैं। शहर के बाहरी हिस्से में कॉरिडोर के पास एक्स्ट्रा हाईटेंशन बिजली लाइन भी है। इस लाइन के कारण करीब 200 मीटर तक का हिस्सा प्रभावित हो रहा है। मांग उठ रही है कि कॉरिडोर को केवल 300 मीटर तक सीमित रखने के बजाय 500 मीटर तक किया जाए। संबंधित पक्षों का मानना है कि कम चौड़ाई रखने से भोपाल को प्रस्तावित विकास का पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा। मास्टर प्लान की सुनवाई के दौरान भी यह विषय उठाया जा रहा है। इसकी अंतिम चौड़ाई मास्टर प्लान की अंतिम अधिसूचना जारी होने के साथ निर्धारित होगी।
कॉरिडोर की तरफ नहीं खुलेंगे कॉलोनियों और प्रोजेक्ट्स के गेट
प्रस्तावित ग्रोथ कॉरिडोर मौजूदा भोपाल बायपास पर ही विकसित किया जाएगा। इसी मार्ग का विस्तार करने की योजना है। प्रस्तावित कॉरिडोर की चौड़ाई 75 मीटर रखी गई है। इस क्षेत्र में कॉलोनियों और व्यावसायिक परियोजनाओं के सीधे कॉरिडोर की तरफ गेट खोलने पर रोक लगाने के लिए एक सुझाव सामने आया है। इसके तहत प्रोजेक्ट्स की बैकवॉल कॉरिडोर की तरफ रखने की बात कही जा रही है।
अर्बन एक्सपर्ट कमल राठी के मुताबिक, इस व्यवस्था से मुख्य कॉरिडोर पर वाहनों की पार्किंग और लोगों की भीड़ जैसी समस्याएं नहीं होंगी। परियोजनाओं का निर्माण सड़क के नजदीक हो सकेगा, लेकिन प्रवेश द्वार दूसरी तरफ होने से मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित नहीं होगा।
75 मीटर क्षेत्र की कंट्रोल लाइन तय करने की मांग
ग्रोथ कॉरिडोर के आसपास निर्माण और विकास गतिविधियों को व्यवस्थित करने के लिए 75 मीटर क्षेत्र की कंट्रोल लाइन निर्धारित करने की मांग भी की गई है। कमल राठी का कहना है कि कंट्रोल लाइन तय होने से यह स्पष्ट हो सकेगा कि कॉरिडोर के दायरे से कितनी दूरी पर निर्माण और विकास की अनुमति होगी।
एयरपोर्ट से इंदौर रोड तक जुड़ेगा विकास का नया नेटवर्क
प्रस्तावित 51 किलोमीटर का ग्रोथ कॉरिडोर नर्मदापुरम रोड से इंदौर रोड तक मौजूदा बायपास मार्ग पर विकसित होगा। इसकी योजना शहर के नए विकास क्षेत्रों को एक-दूसरे से जोड़ने की है। इससे राजा भोज एयरपोर्ट के आसपास प्रस्तावित एजुकेशन सिटी, नॉलेज सिटी, एआई सिटी और कमर्शियल मिक्स्ड यूज केंद्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। भोपाल के बाहरी उपनगर भी इस नेटवर्क से जुड़ेंगे।
कॉरिडोर को रेडियल सड़कों के जरिए शहर के अन्य प्रमुख मार्गों से जोड़ने की योजना है। इससे विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम और इंदौर जैसे प्रमुख शहरों का भोपाल से सीधा संपर्क मजबूत होगा।
3 हजार हेक्टेयर जमीन आएगी विकास के दायरे में
योजना के मौजूदा प्रस्ताव में कुल 675 मीटर चौड़ी पट्टी और लगभग 3,000 हेक्टेयर भूमि कॉरिडोर के प्रभाव क्षेत्र में शामिल होगी। प्रस्तावित बदलाव लागू होने की स्थिति में इस 675 मीटर चौड़ी पट्टी को ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) जोन घोषित किया जाएगा। इस क्षेत्र में मुख्य सड़क से सीधे लगी जमीन पर विकास की अनुमति के लिए न्यूनतम 4,000 वर्ग मीटर का प्लॉट होना जरूरी रखा गया है।
मास्टर प्लान की सुनवाई में 142 लोगों ने रखी आपत्तियां
शुक्रवार को मास्टर प्लान पर आपत्तियों और सुझावों की सुनवाई जारी रही। कुल 142 आपत्तिकर्ताओं ने अधिकारियों के सामने अपने पक्ष रखे। मिसरोद में 45 मीटर चौड़ी सड़क से जुड़े मामले में लोगों को दोबारा सुनवाई के लिए बुलाया गया था। भोपाल सिटीजंस फोरम के सदस्यों ने भी अपनी आपत्तियां और सुझाव प्रस्तुत किए। सुनवाई में आवासीय जमीन के व्यावसायिक उपयोग और कैचमेंट एरिया से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए।
विशेषज्ञों से चर्चा के बाद होगा अंतिम फैसला
टीएंडसीपी के संयुक्त संचालक नीरज आनंद लिखार के अनुसार, ग्रोथ कॉरिडोर को लेकर विभाग को लोगों के सुझाव मिले हैं। इन सुझावों पर विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद शासन से मिलने वाले निर्देशों के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। कॉरिडोर की चौड़ाई सहित अन्य बदलावों की स्थिति मास्टर प्लान की अंतिम अधिसूचना के बाद स्पष्ट होगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

