बुधवार, 11 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल के गुनगा में 20 वर्षीय युवक की मौत, बड़े भाई ने बचाने की कोशिश की लेकिन नहीं मिली सफलता

11 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल के गुनगा में 20 वर्षीय युवक की मौत, बड़े भाई ने बचाने की कोशिश की लेकिन नहीं मिली सफलता
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi



भोपाल। भोपाल के गुनगा इलाके में पारिवारिक तनाव के बीच एक 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई भी पानी की टंकी पर पहुंचा और काफी कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना 10 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे की है। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।


शराब की आदत को लेकर घर में हुई थी समझाइश

मृतक की पहचान शंकरलाल अहिरवार के रूप में हुई है। वह बेरोजगार था और परिवार में सात बहनों व तीन भाइयों में नौवें स्थान पर था। परिजनों के मुताबिक, शंकर को शराब पीने की आदत थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर उसे समझाया जाता था। घटना वाले दिन सुबह मां और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उसे शराब से दूर रहने की सलाह दी थी।


नाराज होकर घर से निकला, भाई भी पीछे पहुंचा

बड़े भाई विष्णु के अनुसार, सुबह हुई समझाइश से शंकर नाराज हो गया था। उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी और घर से चला गया। परिवार के सदस्य उसे रोकने के लिए पीछे गए। शंकर जब पानी की टंकी पर पहुंचा तो विष्णु भी उसके पास पहुंच गए और उसे समझाने के साथ सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश करने लगे।


भाई ने पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन नहीं बचा सका

विष्णु ने बताया कि उन्होंने शंकर को रोकने और पकड़कर बचाने की कोशिश की। इस दौरान शंकर उन्हें भी अपनी तरफ खींचने लगा। इसी दौरान शंकर ने टंकी से छलांग लगा दी। गंभीर चोट आने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।


पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही गुनगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रिंकू सिंह जाटव के मुताबिक, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें