
भोपाल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल हमीदिया के इमरजेंसी गेट पर हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के मुख्य आरोपी शादाब कुरैशी उर्फ शादाब गेट को महाराष्ट्र के जलगांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके पास से वह पिस्टल भी बरामद की है जिससे गोली चलाई गई थी।
जलगांव से दबोचा गया मुख्य आरोपी
भोपाल पुलिस की टीम ने महाराष्ट्र के जलगांव में कार्रवाई करते हुए आरोपी शादाब कुरैशी को पकड़ा। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से वही हथियार मिला जिससे उसने कथित तौर पर गोली चलाई थी। पुलिस अब आरोपी को भोपाल लाने की तैयारी में है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।
30 हजार रुपये का था इनाम
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी थी और उसकी गिरफ्तारी के लिए 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। कई दिनों से पुलिस की टीमें अलग-अलग राज्यों में उसकी तलाश कर रही थीं।
अस्पताल और अशोका गार्डन इलाके में चलाई थी गोली
जानकारी के अनुसार आरोपी शादाब ने भोपाल के अशोका गार्डन इलाके और हमीदिया अस्पताल के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। बताया जा रहा है कि इस फायरिंग में लल्लू रईस के बेटे इमरान को निशाना बनाकर गोली चलाई गई थी।
अन्य आरोपी अब भी फरार
इस मामले में शादाब के कुछ साथी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस जिन आरोपियों की तलाश कर रही है उनमें अनस, अल्लू परवेज और गुड्डू स्टेशन के नाम सामने आए हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें भोपाल के बाहर भी दबिश दे रही हैं।
दो संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
फायरिंग की घटना से जुड़े दो संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

