
भोपाल। राजधानी भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग की अचानक हुई जांच ने शहर के नामी होटल और रेस्टोरेंट की रसोई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। 10 प्रतिष्ठानों की पड़ताल में सड़े खाद्य पदार्थ, एक्सपायरी सामग्री और स्वच्छता से जुड़ी कई कमियां मिलीं।
जांच के दौरान रेडीसन से 50 किलो सड़े आलू मिले, जबकि टर्क्वाइज हॉस्पिटैलिटी में मूंग दाल और राजमा में कीड़े पाए गए। विभाग ने तीन प्रतिष्ठानों से संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे हैं।
रेडीसन की किचन में 50 किलो सड़े आलू
प्रतिष्ठित होटल रेडीसन की रसोई में टीम को करीब 50 किलो सड़े आलू मिले। इन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। होटल प्रबंधन ने सफाई दी कि ये आलू वेंडर को लौटाने के लिए अलग रखे गए थे।
जांच में हनी ब्रेड के 4 पैकेट मिस-ब्रांडेड मिले। फ्रोजन मीट के पैकेट पर खून के साक्ष्य भी मिले और 'बेस्ट बिफोर' की जानकारी अधूरी थी।
टर्क्वाइज हॉस्पिटैलिटी में दाल और राजमा में कीड़े
टर्क्वाइज हॉस्पिटैलिटी की रसोई में खाद्य सुरक्षा टीम को मूंग दाल और राजमा में कीड़े मिले। दोनों खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट करा दिया गया।
किचन में खुले डस्टबिन, गंदी और काली पड़ी कड़ाही तथा पेस्ट के संकेत मिले। पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी और संस्थान में लाइसेंस भी प्रदर्शित नहीं किया गया था।
एक्सपायरी चिकन-मछली के साथ वेज-नॉनवेज व्यवस्था भी सवालों में
होटल लिमिटेड की जांच में एक्सपायरी डेट की मछली और चिकन मिला। टीम को वेज और नॉनवेज की प्रोसेसिंग व स्टोरेज के लिए अलग व्यवस्था भी नहीं मिली। संस्थान के पास पानी की पोटेबिलिटी रिपोर्ट नहीं थी। विभाग ने कमियों में सुधार के लिए नोटिस जारी किया।
साक्षी ढाबा पर शिकायत के बाद लिए गए सैंपल
साक्षी ढाबा को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत पहुंची थी। शिकायत में आरोप था कि चिकन या बकरे के मांस की जगह किसी दूसरे मांस का इस्तेमाल किया जा रहा है। जांच के दौरान टीम ने वहां से मटन और पनीर के सैंपल लिए हैं। इन नमूनों की जांच के आधार पर आगे स्थिति स्पष्ट होगी।
महादेव भोजनालय में रजिस्ट्रेशन और मेडिकल प्रमाण-पत्र नहीं
महादेव भोजनालय में रजिस्ट्रेशन प्रदर्शित नहीं मिला। पेस्ट कंट्रोल का प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं था। कर्मचारियों के पास मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र नहीं होने पर उन्हें ये बनवाने के निर्देश दिए गए। कम फैट वाले पनीर की आशंका के चलते टीम ने यहां से पनीर-उत्तपम का सैंपल भी जांच के लिए लिया।
आदित्य ग्रैंड में एक्सपायरी ब्रेड मिली
आदित्य ग्रैंड में कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं मिले। कर्मचारी बिना हेयर कवर के काम करते पाए गए। जांच के दौरान आधा पैकेट एक्सपायरी ब्रेड मिली। पनीर को लेकर संदेह होने पर उसका नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
ताज होटल को व्यवस्था सुधारने के निर्देश
होटल ताज में टीम को दो तरह के पनीर मिले, जिसके बाद संदेह पैदा हुआ। शुरुआती जांच और बिल की पड़ताल में दोनों पनीर सही पाए गए। इसके बावजूद ताज प्रबंधन को फ्राइंग प्रक्रिया तथा वेज-नॉनवेज स्टोरेज की व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए।
दो प्रतिष्ठानों की रसोई जांच में मिली पूरी तरह संतोषजनक
जांच में सभी प्रतिष्ठानों की स्थिति खराब नहीं मिली। जहानुमा रिट्रीट और द क्राउन 1909 की किचन व्यवस्था खाद्य सुरक्षा टीम की जांच में संतोषजनक पाई गई। जहानुमा रिट्रीट में वेज और नॉनवेज के लिए अलग-अलग डीप फ्रीजर और किचन थे। लाइसेंस प्रदर्शित था और साफ-सफाई भी अच्छी मिली।
द क्राउन 1909 में किचन, बर्तन और स्टोरेज एरिया साफ मिले। यहां भी वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री का भंडारण उचित व्यवस्था के तहत किया गया था।
जांच के बाद कई सवाल
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई में सामने आई कमियों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से लेकर किचन स्वच्छता और दस्तावेजी अनुपालन तक कई पहलू शामिल रहे।
विभाग ने संदिग्ध सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे हैं, जबकि कुछ प्रतिष्ठानों को अपनी व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

