
भोपाल में विदेशी शराब की अवैध सप्लाई करने वाले एक संगठित नेटवर्क पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी में 552 बल्क लीटर विदेशी शराब और थार समेत चार कारें बरामद की गई हैं।
इस मामले में पति-पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह हर दिन करीब 5 लाख रुपये की शराब बेच रहा था और व्हाट्सएप के जरिए ऑर्डर लेकर घर-घर डिलीवरी करता था।
व्हाट्सएप पर लेते थे ऑर्डर, पॉश इलाकों में होती थी सप्लाई
आबकारी विभाग के अनुसार गिरोह भोपाल की अरेरा कॉलोनी, चार इमली सहित अन्य पॉश इलाकों में विदेशी शराब पहुंचाता था। ग्राहकों से संपर्क व्हाट्सएप पर किया जाता था और बाजार कीमत से 40 से 50 प्रतिशत कम दर पर शराब उपलब्ध कराई जाती थी।
ग्राहक बनकर बिछाया जाल
असिस्टेंट एक्साइज कमिश्नर वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि विभागीय टीम ने ग्राहक बनकर व्हाट्सएप पर करीब 2 लाख रुपये की शराब का ऑर्डर दिया। डिलीवरी देने राहुल यादव लालघाटी की पंचवटी कॉलोनी पहुंचा, जहां उसे पकड़ लिया गया। उससे पूछताछ के बाद टीम ने त्रिलंगा के विकासकुंज स्थित उसके घर पर छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
चार आरोपी गिरफ्तार, अदालत के बाद भेजे गए जेल
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं—
राहुल यादव
प्रीति (राहुल यादव की पत्नी)
अनिल शाक्य (बरखेड़ी निवासी)
चंचल साहू
चारों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जांच में मिले नए सुराग
जांच के दौरान टीम को आर्मी कैंटीन में मिलने वाली शराब भी मिली। कई बोतलों पर किसी राज्य की लेबलिंग नहीं थी। अब आबकारी विभाग यह पता लगा रहा है कि शराब की सप्लाई कहां से हो रही थी और भोपाल के अलावा किन शहरों तक यह नेटवर्क फैला हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह शराब आगरा और ग्वालियर के रास्ते भोपाल लाई जाती थी और बीच के कई शहरों में भी इसकी बिक्री की जाती थी।
पहले भी पकड़ा जा चुका है मुख्य आरोपी
अधिकारियों के अनुसार मुख्य आरोपी राहुल यादव पहले भी अवैध शराब के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उस कार्रवाई में भी उसके पास से करीब 20 लाख रुपये की शराब जब्त की गई थी। विभाग अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और तलाश में जुटा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

