मंगलवार, 04 अगस्त 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल में इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स तेजी से तैयार, नवंबर 2026 तक दूसरे चरण का निर्माण होगा पूरा

04 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल में इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स तेजी से तैयार, नवंबर 2026 तक दूसरे चरण का निर्माण होगा पूरा
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा में विकसित हो रहा अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी खेल अधोसंरचना परियोजनाओं में शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 136.296 एकड़ में बन रहा यह परिसर प्रदेश को राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम साबित होगा।


मुख्यमंत्री के अनुसार, इस परियोजना पर अब तक 985.76 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है। परिसर का निर्माण तीन चरणों में किया जा रहा है, जिसमें पहले चरण का काम पूरा हो चुका है और दूसरे चरण का लक्ष्य नवंबर 2026 निर्धारित किया गया है।


अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो रहा परिसर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल में विकसित हो रहा यह अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स प्रदेश को देश के प्रमुख स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उनका कहना है कि यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल स्पर्धाओं के आयोजन से भोपाल की वैश्विक खेल जगत में अलग पहचान बनेगी।


पहले चरण का काम पूरा, हॉकी चैंपियनशिप की तैयारी

पहले चरण का निर्माण कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसके तहत 5 हजार दर्शक क्षमता वाले पेवेलियन के साथ हॉकी स्टेडियम और सिंथेटिक हॉकी टर्फ तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इसी वर्ष अक्टूबर-नवंबर में नवनिर्मित हॉकी स्टेडियम और टर्फ पर एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी।


एथलेटिक्स और फुटबॉल के लिए आधुनिक सुविधाएं

कॉम्पलेक्स में इंटरनेशनल एथलेटिक्स फेडरेशन और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के मानकों के अनुरूप 10 हजार दर्शक क्षमता वाले पेवेलियन सहित एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक तैयार किया जा रहा है। इसी ट्रैक के मध्य में फुटबॉल स्टेडियम भी विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा परिसर में 2 कन्वेंशन सेंटर भी स्थापित किए जा रहे हैं।


तीन चरणों में होगा पूरा विकास

परियोजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है।


पहला चरण

  • एथलेटिक्स स्टेडियम

  • एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक एवं वार्मअप ट्रैक

  • 1000 दर्शक क्षमता वाला एथलेटिक्स पेवेलियन

  • हॉकी स्टेडियम

  • सिंथेटिक हॉकी टर्फ

  • पेवेलियन और प्रैक्टिस फील्ड


दूसरा चरण

  • इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स

  • ऑल वेदर स्वीमिंग कॉम्पलेक्स

  • हॉस्टल भवन (150 बालक और 150 बालिका क्षमता)

  • घुड़सवारी क्रॉस कंट्री ट्रैक

मुख्यमंत्री ने बताया कि दूसरे चरण का निर्माण कार्य नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।


तीसरा चरण

  • क्रिकेट स्टेडियम

  • साइक्लिंग वेलोड्रोम


परियोजना पर अब तक कितनी राशि स्वीकृत

इस अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के लिए अब तक निम्नानुसार प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है—

  1. पहला चरण: 357.96 करोड़ रुपये

  2. दूसरा चरण: 627.80 करोड़ रुपये

कुल स्वीकृति: 985.76 करोड़ रुपये


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह परियोजना मध्यप्रदेश को खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की अनेक प्रतियोगिताओं की मेजबानी का मार्ग प्रशस्त करेगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें