
भोपाल। भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार, 23 नवंबर को 599 जर्जर ईडब्ल्यूएस मकानों को हटाने का काम शुरू हो गया। उधर, इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में भी 62 मकानों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। भोपाल में कार्रवाई के लिए 10 पोकलेन मशीनों के साथ भारी प्रशासनिक अमला और पुलिस बल तैनात किया गया है। जनता क्वार्टर के ध्वस्तीकरण को लेकर जबलपुर हाईकोर्ट में भी सुनवाई हुई थी, जहां अधिकांश मकानों को राहत नहीं मिली।
जनता क्वार्टर में 10 पोकलेन मशीनों से ध्वस्तीकरण
ऐशबाग के जनता क्वार्टर में मकानों को हटाने के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर इंतजाम किए हैं। मौके पर 4 एसडीएम, 10 तहसीलदार और सैकड़ों कर्मचारी व पुलिसकर्मी तैनात हैं। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए रविवार शाम से ही पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी गई थी। जनता क्वार्टर की तरफ जाने वाले रास्ते बंद करके ट्रैफिक का रूट भी बदल दिया गया है। प्रशासनिक कार्रवाई शुरू होने से पहले ही कई परिवारों ने अपने स्तर पर मकान खाली करने और निर्माण हटाने शुरू कर दिए थे। रहवासी घरों से सामान निकालकर बाहर ले गए थे।
13 नवंबर तक दिया गया था मकान खाली करने का अल्टीमेटम
हाउसिंग बोर्ड ने जनता क्वार्टर के निवासियों को 13 नवंबर तक मकान खाली करने और अपना सामान हटाने का अंतिम नोटिस दिया था। इसके बाद 14 नवंबर से ध्वस्तीकरण शुरू करने की योजना बनाई गई थी। उस दौरान स्थानीय लोगों के विरोध और पर्याप्त पुलिस बल नहीं मिलने के कारण कार्रवाई रोकनी पड़ी थी। विरोध प्रदर्शन के बीच तीन महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। अब पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था होने के बाद 23 नवंबर को दोबारा कार्रवाई शुरू की गई है।
हाईकोर्ट ने ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से किया इनकार
जनता क्वार्टर के करीब 600 मकानों को हटाने के फैसले के खिलाफ जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार, 22 नवंबर को अवकाश के दिन भी विशेष सुनवाई आयोजित की गई।जस्टिस विशाल मिश्रा की अदालत ने क्वार्टरों को तोड़ने की पूरी कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग स्वीकार नहीं की। इससे ध्वस्तीकरण का रास्ता साफ रहा।
क्वार्टर नंबर 465 को मिली दो दिन की मोहलत
मामले में क्वार्टर नंबर 465 के आवंटी मोहम्मद हफीज खान को अदालत ने सीमित राहत दी है। उन्हें मकान खाली करने और कार्रवाई के मामले में दो दिन का अतिरिक्त समय मिला है। अदालत ने याचिकाकर्ता और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को कलेक्टर के साथ बैठक करके किराए की राशि निर्धारित करने को कहा है। इस बैठक में तय होने वाली राशि की जानकारी बुधवार को हाईकोर्ट में पेश करनी होगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

