
भोपाल। राजधानी भोपाल में आज जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। सुबह से ही पुराने शहर और अति संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन की कोशिश है कि नमाज के दौरान शहर में शांति और कानून व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे। इसी वजह से मस्जिदों के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
AIMIM ने दी थी प्रदर्शन की चेतावनी
एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन गौतम ने हाल ही में एक मुस्लिम युवक के साथ मारपीट और उसके चेहरे पर गोबर व स्याही लगाने के आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की थी। उन्होंने मंगलवार को चेतावनी दी थी कि अगर शुक्रवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। हालांकि पुलिस अब तक इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
शहर काजी और पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील
भोपाल के शहर काजी मुश्ताक अली नदवी ने वीडियो जारी कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह या बहकावे में आकर माहौल खराब करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। वहीं पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने भी कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा चुकी है और सभी समुदायों को मिलकर शहर में अमन बनाए रखना चाहिए।
इन मस्जिदों के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस ने इतवारा इलाके सहित पुराने शहर की प्रमुख मस्जिदों के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। ताजुल मसाजिद, कुलसुम बिया मस्जिद, मोती मस्जिद, जामा मस्जिद और पीरगेट इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक दोपहर 12:40 बजे से 2:45 बजे के बीच शहर की अलग-अलग मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की जाएगी। इसी दौरान पुलिस की विशेष निगरानी भी जारी रहेगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

