
भोपाल। राजधानी भोपाल के करोंद इलाके में बुधवार को एक चार मंजिला बिल्डिंग में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। जिस फ्लोर पर आग लगी, वहां KFC का आउटलेट भी मौजूद है। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
जनरेटर से भड़की आग
नगर निगम के फायर अधिकारियों के मुताबिक बिल्डिंग में मौजूद Croma शोरूम के पास रखे जनरेटर में सबसे पहले आग लगी थी। इसके बाद आग ने आसपास लगे कई एयर कंडिशनर और फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
KFC आउटलेट के पास पहुंचीं लपटें
जिस हिस्से में आग लगी उसके पास ही KFC का आउटलेट मौजूद था। राहत की बात यह रही कि आउटलेट को बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय बिल्डिंग में ज्यादा भीड़ नहीं थी। इसी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर मची अफरा-तफरी
आग लगते ही लोग तेजी से बिल्डिंग से बाहर निकलने लगे। आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। काफी देर तक इलाके में धुआं और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
लाखों के नुकसान का अनुमान
प्रशासन फिलहाल नुकसान का आंकलन कर रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग में लाखों रुपए का सामान जल गया। फायर विभाग अब यह जांच भी कर रहा है कि जनरेटर में आग किन कारणों से लगी और सुरक्षा इंतजामों में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

