
भोपाल। राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाने में अधिवक्ता राकेश रावल से कथित मारपीट के विरोध में करीब 50 वकीलों ने मंगलवार देर रात प्रदर्शन किया। प्रदर्शन बुधवार तड़के 3 बजे तक चलता रहा।
वकीलों ने थाना प्रभारी राजन अहिरवार समेत संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। पुलिस की ओर से एडिशनल सीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने मामले की जानकारी जुटाए जाने की बात कही है।
खटलापुरा मंदिर की तरफ से लौट रहे थे राकेश रावल
अधिवक्ता राकेश रावल (45) के मुताबिक मंगलवार शाम करीब 8 बजे वे खटलापुरा मंदिर की ओर से आ रहे थे। उनका आरोप है कि रास्ते में पुलिसकर्मियों ने उनका वाहन रोककर थाने चलने को कहा। रावल ने वाहन में पेट्रोल नहीं होने की बात कही।
विरोध करने पर पीटने का आरोप
राकेश रावल के अनुसार पेट्रोल नहीं होने की बात कहने के बाद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज की। उनका दावा है कि आपत्ति जताने पर उन्हें कीचड़ में पटक दिया गया। रावल ने आरोप लगाया कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने डंडों से उनकी पिटाई की।
चोट के निशान वाला वीडियो जारी
घटना के बाद वकीलों की ओर से एक वीडियो भी जारी किया गया। इसमें राकेश रावल के पैरों पर चोट के निशान दिखाई देने का दावा किया गया है।
वीडियो में उनके कपड़ों पर कीचड़ लगा हुआ भी नजर आता है। प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने इसी आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारी वकीलों ने जहांगीराबाद थाना प्रभारी राजन अहिरवार और उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर वकील देर रात तक थाने पर मौजूद रहे और कार्रवाई की मांग करते रहे।
एडिशनल सीपी बोले- मामले की जानकारी ली जा रही
पुलिस की ओर से एडिशनल सीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि पूरे मामले के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। प्रकरण में पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों और अधिवक्ता के साथ हुई घटना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

