
भोपाल। भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह टिटोडी घाट पर करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में शरीर पर धारदार हथियार से हमले और सिर को पत्थरों से कुचलने के निशान सामने आए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही छोला थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
सिर पर रखे मिले दो पत्थर, शरीर पर चोटों के निशान
मालीखेड़ी स्थित टिटोडी घाट पर मिले शव की स्थिति देखकर पुलिस को हत्या की आशंका है। युवक की पीठ और गर्दन पर धारदार हथियार से दो वार किए जाने के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सिर पर पत्थरों से हमला कर कुचलने की आशंका भी जताई गई है। घटनास्थल पर शव के सिर के ऊपर दो पत्थर पड़े मिले हैं।
मल्टी में रहने वाले व्यक्ति ने पुलिस को दी सूचना
घटनास्थल के पास बनी मल्टी में रहने वाले एक व्यक्ति ने सबसे पहले शव पड़े होने की जानकारी पुलिस को दी थी। सूचना मिलने के बाद छोला थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया, जबकि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
35 साल के युवक की पहचान में जुटी पुलिस
एसआई मोहनलाल के मुताबिक, मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष है। उसकी पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक को कहां निशाना बनाया गया और उसकी हत्या किन परिस्थितियों में हुई। मामले में मृतक की शिनाख्त और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

