
भोपाल मेट्रो ने यात्रियों के लिए संचालन व्यवस्था में बड़ा बदलाव लागू कर दिया है। शनिवार (25 जुलाई) से सुभाषनगर और एम्स स्टेशन के बीच मेट्रो अब दोनों ट्रैक पर चलेगी, जिससे सफर पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक होगा। नई व्यवस्था के तहत मेट्रो की फ्रीक्वेंसी भी बढ़ाई गई है। पीक ऑवर्स में यात्रियों को हर 15 मिनट में ट्रेन मिलेगी और पूरे दिन में 50 ट्रिप संचालित की जाएंगी।
दोनों ट्रैक पर शुरू हुआ संचालन
भोपाल मेट्रो की शुरुआत 20 दिसंबर 2025 को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की थी। आम यात्रियों के लिए सेवा अगले दिन शुरू हुई थी, लेकिन अब तक संचालन केवल एक ट्रैक पर हो रहा था। अब पहली बार दोनों ट्रैक पर मेट्रो चलेगी।
नई टाइमिंग से यात्रियों को राहत
सुभाषनगर स्टेशन से एम्स के लिए पहली मेट्रो सुबह 9 बजे रवाना होगी।
पीक ऑवर्स में ट्रेन का अंतराल 15 मिनट रहेगा।
अन्य समय में मेट्रो 30 मिनट के अंतर से उपलब्ध होगी।
पहले यात्रियों को करीब 75 मिनट तक इंतजार करना पड़ता था।
सिग्नलिंग सिस्टम को मिली मंजूरी
प्रायोरिटी कॉरिडोर पर सिग्नलिंग सिस्टम का काम पूरा होने के बाद संचालन में यह बदलाव किया गया है। जून में कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम ने भोपाल में दो दिन तक निरीक्षण किया था। इसके बाद गुरुवार को मंजूरी मिलने की सूचना के बाद 25 जुलाई से नए सिस्टम के अनुसार संचालन शुरू करने की योजना लागू की गई। मेट्रो कॉरपोरेशन के अनुसार, करीब 7 महीने बाद सिग्नलिंग सिस्टम की शुरुआत हो रही है।
यात्रियों के लिए डिस्काउंट भी मिलेगा
मेट्रो प्रबंधन ने प्रमोशनल डिस्काउंट पॉलिसी लागू की है।
रिटर्न टिकट पर 5% की छूट
ग्रुप टिकट पर 10% की छूट
एमपीएमआरसीएल मोबाइल ऐप के ई-वॉलेट रिचार्ज पर बोनस मिलेगा—
₹200–499: 8% बोनस
₹500–999: 10% बोनस
₹1000–1499: 12% बोनस
₹1500–2000: 15% बोनस
इस व्यवस्था से डिजिटल टिकटिंग, कैशलेस भुगतान और यात्रा में बचत का लाभ मिलेगा।
स्टेशन समय से पहले खुलेंगे
यात्रियों को सुविधा देने के लिए प्रत्येक स्टेशन पहली मेट्रो के निर्धारित प्रस्थान समय से 15 मिनट पहले खोल दिया जाएगा, ताकि सुरक्षा जांच और प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
इन गेटों पर मिलेगी मैनुअल टिकटिंग
सुभाष नगर स्टेशन: गेट 3
केंद्रीय विद्यालय स्टेशन: गेट 3
बोर्ड ऑफिस स्टेशन: गेट 3
एमपी नगर स्टेशन: गेट 3
रानी कमलापति स्टेशन: गेट 2
डीआरएम ऑफिस स्टेशन: गेट 3
अलकापुरी स्टेशन: गेट 3
एम्स स्टेशन: गेट 1
800 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का पहला चरण
सुभाष नगर से एम्स के बीच प्रायोरिटी कॉरिडोर पर सिग्नलिंग सिस्टम का कार्य पूरा हो चुका है। यह करीब 30 किलोमीटर के लिए जारी लगभग ₹800 करोड़ के टेंडर का पहला चरण है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

