सोमवार, 28 सितंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल में सड़क पार करते समय पोल पकड़ा, करंट का जोरदार झटका लगा और भाजपा नेता दिव्यऋषि तिवारी की मौत

28 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल में सड़क पार करते समय पोल पकड़ा, करंट का जोरदार झटका लगा और भाजपा नेता दिव्यऋषि तिवारी की मौत
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। एमपी नगर में रविवार रात करीब 9 बजे सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में करंट उतरने से भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की जान चली गई। वे शॉपिंग के लिए इलाके में पहुंचे थे।


सड़क पार करते समय उन्होंने सहारे के लिए पोल पकड़ा था। करंट का तेज झटका लगने के बाद वे गिर पड़े। एक महिला भी इसकी चपेट में आई, जबकि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों को संभाला।


सड़क पार करते समय हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शी हेड कॉन्स्टेबल जगदीश दांगी के अनुसार, दिव्यऋषि डिवाइडर पर चढ़कर सड़क के दूसरी तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क किनारे लगे पोल को एक हाथ से पकड़ लिया। दूसरे हाथ से दीवार का सहारा लेने के प्रयास में उन्हें पोल से करंट का जोरदार झटका लगा। हादसे में एक महिला को भी बिजली का झटका लगा।


पुलिसकर्मियों ने मौके पर दिया CPR

करंट लगने के बाद दिव्यऋषि मौके पर ही गिर गए। घटनास्थल पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तुरंत प्राथमिक बचाव शुरू किया और उन्हें CPR दिया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए एम्स ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दिव्यऋषि तिवारी को मृत घोषित कर दिया।


मेट्रो निर्माण के दौरान लगाया गया था पोल

प्रत्यक्षदर्शी पुलिसकर्मी के मुताबिक, जिस पोल से हादसा हुआ, उसे मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान लगाया गया था। पोल के आसपास तार खुले होने की बात भी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोल तक बिजली का करंट किस तरह पहुंचा और खुले तार वहां किस स्थिति में थे।


एमपी नगर पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद एमपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जांच में हादसे से जुड़े पोल, उसके बिजली कनेक्शन और मेट्रो निर्माण कार्य से संबंधित स्थिति को भी शामिल किया गया है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें