सोमवार, 08 जून 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल निगम परिषद की कल होगी बैठक, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

08 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल निगम परिषद की कल होगी बैठक, इन मुद्दों पर होगी चर्चा
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल नगर निगम परिषद की विशेष बैठक मंगलवार को होने जा रही है। बैठक का आधिकारिक एजेंडा भले ही सिर्फ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हो, लेकिन विपक्ष शहर की जमीनी समस्याओं को लेकर सत्ता पक्ष को घेरने की तैयारी में है। पानी संकट, जर्जर सड़कें और बारिश के बाद बनने वाले जलभराव के हालात ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर परिषद में तीखी बहस देखने को मिल सकती है।


ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर होगी विशेष चर्चा

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए थे। हालांकि अधिकांश निकायों में यह बैठक 5 जून को आयोजित हुई, लेकिन भोपाल नगर निगम में यह विशेष बैठक अब 9 जून को आयोजित की जा रही है। परिषद में इसी विषय पर आधिकारिक चर्चा प्रस्तावित है।


नेता प्रतिपक्ष की जगह मो. सरवर संभालेंगे जिम्मेदारी

बैठक में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी मौजूद नहीं रहेंगी। पारिवारिक कारणों से उनके मुंबई में होने के चलते उन्होंने बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है। उन्होंने नगर निगम अध्यक्ष को पत्र लिखकर वार्ड-16 के पार्षद मो. सरवर को अपना प्रतिनिधि नियुक्त करने की अनुमति मांगी है। उनकी अनुपस्थिति में परिषद में विपक्ष की ओर से मुख्य भूमिका मो. सरवर निभाएंगे।


मानसून से पहले उठेंगे शहर के बड़े मुद्दे

मो. सरवर का कहना है कि विशेष बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर चर्चा जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही मानसून से जुड़ी उन समस्याओं पर भी चर्चा होनी चाहिए जो सीधे आम जनता को प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल में इस समय पानी की समस्या गंभीर बनी हुई है। कोलार और नर्मदा परियोजना की पाइप लाइनों में बार-बार लीकेज होने से कई इलाकों में लोगों को दिनों तक पानी नहीं मिल पाता।


बारिश में जलभराव बना बड़ी चुनौती

विपक्ष शहर में बारिश के दौरान बनने वाले जलभराव के हालात भी परिषद में उठाने की तैयारी कर रहा है। हाल ही में हुई तेज बारिश के दौरान महामाई का बाग क्षेत्र की ओर जाने वाला नाला चोक हो गया था, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विपक्ष का कहना है कि मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है।


जर्जर सड़कों पर भी होगी बहस

शहर के कई हिस्सों में खराब और टूटी सड़कों का मुद्दा भी परिषद में गूंज सकता है। विपक्ष का आरोप है कि कई क्षेत्रों में सड़कें लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रही हैं। मानसून शुरू होने से पहले इन समस्याओं के समाधान को लेकर निगम प्रशासन और सत्ता पक्ष से जवाब मांगा जा सकता है।


बैठक पर टिकी शहरवासियों की नजर

भले ही बैठक का एजेंडा एक ही विषय तक सीमित हो, लेकिन विपक्ष के तेवर संकेत दे रहे हैं कि परिषद में शहर की मूलभूत समस्याओं पर भी जोरदार चर्चा होगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें