
भोपाल के सफाईकर्मियों के चेहरों पर अब मुस्कान लौट आई है। महीनों की बेचैनी और प्रदर्शन के बाद आखिरकार सोमवार को वो दिन आ गया जब नगर निगम प्रशासन ने दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का बकाया वेतन जारी कर दिया। 1.80 करोड़ रुपए की राशि खाते में पहुंचते ही कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई — मानो दिवाली की रोशनी दोबारा चमक उठी हो!
नए अटेंडेंस सिस्टम से हुई थी देरी
नगर निगम प्रशासन ने हाल ही में नया अटेंडेंस सिस्टम लागू किया था। इसी तकनीकी बदलाव के कारण 16 से 31 अक्टूबर तक का वेतन अटक गया था। पहले 1 से 15 अक्टूबर तक का वेतन 7 नवंबर को जारी किया गया था, लेकिन बाकी बकाया न मिलने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ गया था।
कर्मचारियों ने जताया था विरोध
बकाया वेतन को लेकर कर्मचारियों ने माता मंदिर स्थित निगम मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। नाराजगी इतनी बढ़ गई थी कि कई सफाई कर्मियों ने कचरा वाहन चलाना बंद कर दिया, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था लड़खड़ा गई थी।
निगमायुक्त के हस्तक्षेप से बनी बात
स्थिति बिगड़ती देख निगमायुक्त संस्कृति जैन ने खुद हस्तक्षेप किया। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वासन दिया था कि “16 से 31 अक्टूबर का वेतन 10 या 11 नवंबर तक जारी कर दिया जाएगा।” प्रशासन ने वादा निभाते हुए 10 नवंबर को ही वेतन जारी कर दिया।
कर्मचारियों में खुशी की लहर
वेतन जारी होने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। अब 2,500 से अधिक दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को उनके हक की रकम मिल चुकी है। करीब 1.80 करोड़ रुपए की राशि जारी होने से पूरे नगर निगम में उत्साह का माहौल है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

