
भोपाल। स्वतंत्रता दिवस से पहले भोपाल के बोट क्लब पर 13 अगस्त को आयोजित नौका तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का अलग नजारा देखने को मिला। बड़े तालाब में नौकाओं के बीच तिरंगे लहराए, देशभक्ति गीत गूंजे और खिलाड़ियों ने कयाकिंग-कनोइंग के जरिए प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की खास बात तालाब के बीच बनाया गया फ्लोटिंग तिरंगा रहा, जिसे देश में पहली बार बनाए जाने की बात कही गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा का शुभारंभ किया और खुद नौका में सवार होकर हिस्सा लिया। कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
बोट क्लब पर दिखा तिरंगे का भव्य नजारा
'मेरा रंग दे बसंती चोला...' जैसे देशभक्ति गीतों के बीच बोट क्लब का पूरा क्षेत्र तिरंगे के रंग में नजर आया। आयोजन में जल, धरती और आकाश तक तिरंगे की मौजूदगी दिखाई दी। युवा खिलाड़ियों ने कयाकिंग और कनोइंग में प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने केनो सलालम शो के जरिए तिरंगे को सलामी दी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सीएम बोले- लोकतंत्र मजबूत हो रहा है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का लोकतंत्र आगे बढ़ रहा है और भारत ने दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने भारत को दुनिया का सबसे युवा देश बताते हुए कहा कि देश अपनी क्षमता और सामर्थ्य के साथ समृद्धि की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अलग-अलग राज्यों में जनकल्याण के कार्य हो रहे हैं। उनके मुताबिक आजादी के साथ दुनिया में हो रहे बदलावों को देखने पर देश की उपलब्धियों पर गर्व महसूस होता है।
UCC को लेकर सीएम ने कही यह बात
डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने जा रही है। उनके अनुसार इससे राज्य देश के बड़े राज्यों में शामिल हो गया है और समानता की भावना मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म के आधार पर लोगों के बीच अंतर नहीं रहेगा और हिंदू, मुस्लिम, पारसी तथा ईसाई सहित सभी के लिए समान कानून होगा।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बताया संकल्प शक्ति की मिसाल
मुख्यमंत्री ने जल में आयोजित तिरंगा यात्रा को विशेष आयोजन बताते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि तिरंगा लेकर खिलाड़ियों का प्रदर्शन यह संदेश देता है कि जीवन में परिस्थितियां हमेशा एक जैसी नहीं रहतीं, लेकिन संकल्प शक्ति व्यक्ति को आगे बढ़ाती है। उन्होंने खिलाड़ियों के संघर्ष और कौशल का जिक्र करते हुए कहा कि वे कठिन लहरों के बीच भी अपने संकल्प और क्षमता का प्रदर्शन करते हैं। सीएम के मुताबिक नौका के माध्यम से तिरंगा यात्रा आयोजित होना प्रदेश के लिए एक अद्भुत रिकॉर्ड है।
देश की शक्ति और भविष्य को लेकर संदेश
डॉ. यादव ने कहा कि भारत की तीनों सेनाओं ने अद्भुत पराक्रम दिखाया है और देश ने अभूतपूर्व सामर्थ्य हासिल किया है। उन्होंने देश की सुरक्षा और शक्ति को लेकर गर्व व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कामना की कि देश पर किसी की बुरी नजर न लगे और भारत सर्वशक्तिमान व सामर्थ्यवान बने। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आगे बढ़ाने और अमृत काल की ओर मजबूती से बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने नौका तिरंगा यात्रा के आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों को बधाई भी दी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

