
भोपाल के न्यू मार्केट में 8 अक्टूबर को लगी आग के मामले में पुलिस ने बालाजी छोला भटूरे के संचालक दीप उर्फ दीपू अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जांच में भट्टी के पास रखे कपड़े में आग लगने और उससे आसपास की दुकानों तक लपटें फैलने की बात सामने आई है।
आग से चार अन्य दुकानें और 12 से ज्यादा रेहड़ियां प्रभावित हुई थीं, जबकि नुकसान करोड़ों रुपये का बताया गया। घटना के बाद नगर निगम ने न्यू मार्केट को नो-हॉकर्स जोन बनाने और रेहड़ी संचालकों को टीटी नगर स्टेडियम के पास हाट बाजार में शिफ्ट करने की कार्रवाई तेज कर दी है।
भट्टी के पास कपड़े से भड़की आग, पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस की जांच के अनुसार, बालाजी छोला भटूरे की दुकान में भट्टी जल रही थी। उसके पास रखे कपड़े में आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलीं और आसपास के प्रतिष्ठानों तक पहुंच गईं।
हादसे में आम्रपाली रेस्टोरेंट, विजय स्टोर, एक कैफे और मोबाइल की दुकान को नुकसान पहुंचा। आम्रपाली रेस्टोरेंट के संचालक पवन अग्रवाल ने घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर टीटी नगर पुलिस ने दुकान संचालक के खिलाफ लापरवाही और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी ने बताई आग लगने की वजह
टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर के मुताबिक, जांच में आग की शुरुआत भट्टी के पास रखे कपड़े से होने की जानकारी सामने आई। दुकान संचालक की लापरवाही को लेकर इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
दुकान में आग बुझाने और अग्नि सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम मौजूद थे या नहीं, इसकी जांच नगर निगम कर रहा है। सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल पूरी होने के बाद इस पहलू पर स्थिति स्पष्ट होगी।
न्यू मार्केट में दमकलों की आवाजाही का हुआ परीक्षण
आग की घटना के बाद नगर निगम ने बाजार में दमकलों के आने-जाने की व्यवस्था को परखने के लिए बुधवार को करीब 3 घंटे की मॉकड्रिल की। इस दौरान 2 दमकलों को पूरे मार्केट में घुमाया गया।
अभ्यास के दौरान जिन जगहों पर दमकलों को रुकना पड़ा, वहां से निगम की टीम ने सामान जब्त किया। 8 अक्टूबर को लगी आग के समय भी दुकान के सामने रखा सामान दमकलों की आवाजाही में बाधा बना था।
टीटी नगर स्टेडियम के पास हाट बाजार में जाएंगे हॉकर्स
नगर निगम न्यू मार्केट को नो-हॉकर्स जोन बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसके तहत बाजार में रेहड़ी लगाकर कारोबार करने वाले हॉकर्स को टीटी नगर स्टेडियम के पास स्थित हाट बाजार में जगह दी जाएगी।
निगम ने बुधवार को पूरे दिन मुनादी कराकर हॉकर्स को गुरुवार से अपना कारोबार निर्धारित स्थान पर ले जाने की सूचना दी थी। साथ ही चेतावनी दी गई कि निर्देश का पालन नहीं करने पर सामान जब्त किया जा सकता है।
अतिक्रमण अधिकारी ने शिफ्टिंग को लेकर क्या कहा?
नगर निगम के अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया के अनुसार, गुरुवार से हॉकर्स को शिफ्ट करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसकी जानकारी बाजार में पहले ही मुनादी के जरिए पहुंचा दी गई थी।
नगर निगम की योजना न्यू मार्केट में रेहड़ियों को हटाकर दमकलों की आवाजाही के लिए रास्ता सुगम बनाने और बाजार को नो-हॉकर्स जोन के रूप में व्यवस्थित करने की है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

