
भोपाल। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका की पहचान 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थी। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रिटायर्ड जज के घर की घटना
जानकारी के मुताबिक ट्विशा की शादी करीब एक साल पहले भोपाल निवासी वकील सामर्थ शर्मा से हुई थी। परिवार रिटायर्ड महिला जज से जुड़ा बताया जा रहा है। बुधवार को ट्विशा का शव घर में फंदे पर मिला। घटना के समय पति और सास घर में मौजूद थे। दोनों उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
भाई बोला- बहन ने रात में किया था फोन
ट्विशा के भाई Harshit Sharma ने बताया कि मंगलवार रात उसकी बहन ने फोन कर मानसिक प्रताड़ना की बात कही थी। उसने बताया था कि पिछले कई दिनों से छोटी-छोटी बातों पर उसका अपमान किया जा रहा था और वह भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थी। परिवार के अनुसार उसने वापसी के लिए रिजर्वेशन भी करा लिया था।
“नाकारा” कहकर ताने देने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि नौकरी छोड़ने के बाद ट्विशा के साथ व्यवहार बदल गया था। उसे “नाकारा” कहकर ताने दिए जाते थे। भाई का कहना है कि शादी के बाद भोपाल शिफ्ट होने के कारण ट्विशा ने अपनी नौकरी छोड़ी थी। इसके बाद नौकरी न करने को लेकर घर में विवाद बढ़ने लगा।
प्रेग्नेंसी को लेकर भी था तनाव
परिवार ने दावा किया कि मार्च में ट्विशा की अनप्लांड प्रेग्नेंसी हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि ट्विशा उस समय बच्चे के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन उस पर दबाव बनाया जा रहा था। परिवार का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर भी उसे ताने दिए जाते थे, जिससे वह मानसिक रूप से टूटती जा रही थी।
शरीर पर चोट के निशान होने का दावा
परिजनों ने आरोप लगाया है कि ट्विशा के हाथ और कान के पास चोट के नीले निशान दिखाई दिए। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
घर से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घर की तलाशी के दौरान भी कोई लिखित नोट बरामद नहीं हुआ। कटारा हिल्स थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस क्या कह रही है?
कटारा हिल्स थाना प्रभारी के मुताबिक अस्पताल से रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई तय होगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

