गुरुवार, 25 जून 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल में 28 जून को पल्स पोलियो अभियान, 3.32 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा; 2710 बूथ तैयार

25 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल में 28 जून को पल्स पोलियो अभियान, 3.32 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा; 2710 बूथ तैयार
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल जिले में 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पांच वर्ष तक के 3 लाख 32 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।


बच्चों तक दवा पहुंचाने के लिए 2710 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा 306 सुपरवाइजर, 121 ट्रांजेंडर टीमें और 52 मोबाइल टीमें भी तैनात रहेंगी, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।


पहले दिन अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य

यह जानकारी जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी ने स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक में दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के पहले दिन अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए।


डिजिटल हेल्थ मिशन की भी हुई समीक्षा

बैठक में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इला तिवारी ने सभी निजी अस्पतालों और क्लीनिकों का हेल्थ फैसिलिटी तथा हेल्थ प्रोवाइडर के रूप में अनिवार्य पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल मिशन के जरिए पेपरलेस प्रिस्क्रिप्शन, बेहतर इलाज और मरीजों की प्रभावी निगरानी संभव हो सकेगी।


हाई रिस्क प्रेग्नेंसी मामलों पर विशेष निगरानी के निर्देश

समीक्षा बैठक में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों पर भी चर्चा हुई। इला तिवारी ने कहा कि मॉडरेट एनीमिया, गंभीर एनीमिया और प्रेग्नेंसी इंड्यूस्ड हाइपरटेंशन जैसे मामलों की समय पर पहचान और उपचार नहीं होने पर मातृ मृत्यु का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को ऐसे मामलों की नियमित निगरानी और समय पर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें