
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज नवकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण के जरिए बिजली खरीद को किफायती बनाने पर रीजनल कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका उद्घाटन करेंगे।
कॉन्फ्रेंस में देश की 50 से ज्यादा बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में सस्ती बिजली उपलब्ध कराने और बिजली खरीद पर होने वाले खर्च को नियंत्रित करने के उपायों पर चर्चा होगी।
सौर बिजली खरीद के विकल्पों पर चर्चा
राजधानी के एक होटल में आयोजित होने वाली इस कॉन्फ्रेंस में दिनभर डिस्कॉम प्रतिनिधि अपने सुझाव रखेंगे। कार्यक्रम का आयोजन नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग कर रहा है।
बैठक में प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा उत्पादन का विस्तार करने के साथ उपभोक्ताओं को कम दर पर बिजली उपलब्ध कराने के तरीकों पर विचार किया जाएगा।
‘किफायती बिजली खरीद’ पर रहेगा मुख्य फोकस
ऑल इंडिया डिस्कॉम एसोसिएशन ने कॉन्फ्रेंस का विषय ‘नवकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण से किफायती बिजली खरीद’ रखा है।
इस दौरान सौर ऊर्जा समेत अन्य नवकरणीय स्रोतों से बिजली खरीदने के अलग-अलग विकल्पों पर डिस्कॉम प्रतिनिधि विचार साझा करेंगे।
बैटरी स्टोरेज से लागत नियंत्रित करने पर मंथन
कार्यक्रम में बैटरी आधारित ऊर्जा भंडारण व्यवस्था भी चर्चा के प्रमुख विषयों में शामिल रहेगी। इसके इस्तेमाल से बिजली की उपलब्धता बढ़ाने और खरीद लागत को नियंत्रित करने के तरीकों पर विचार किया जाएगा।
उद्घाटन के बाद कैबिनेट बैठक में जाएंगे सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम पूरा होने के बाद वे कैबिनेट बैठक में शामिल होने जाएंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

