
भोपाल। इस बार 26 जनवरी को राजधानी भोपाल का लाल परेड ग्राउंड इतिहास रचने जा रहा है। यहां आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड अब तक की सबसे लंबी परेड में शामिल होगी। पूरे प्रदेश से आए 1300 से ज्यादा जवान, डॉग स्क्वॉड और 23 प्लाटून एक साथ कदमताल करते नजर आएंगे। परेड के बाद स्कूली बच्चों और आदिवासी कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देशभक्ति के रंग बिखेरेंगी।
आज फुल ड्रेस रिहर्सल, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि
परेड की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शनिवार को इसका फुल ड्रेस रिहर्सल किया जाएगा। इस समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल मंगुभाई पटेल रहेंगे। वहीं प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन, डीजीपी कैलाश मकवाणा सहित प्रशासन और पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
आईपीएस आयुष जाखड़ होंगे परेड कमांडर
लाल परेड मैदान पर होने वाली परेड के कमांडर आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ होंगे, जो वर्तमान में ग्वालियर में एसडीओपी के पद पर तैनात हैं। इस परेड की सेकेंड कमांडर रतलाम की डीएसपी नीलम होंगी, जो राज्य पुलिस सेवा की अधिकारी हैं।
एक दशक बाद एनएसएस की वापसी
इस बार परेड में एक दशक बाद एनएसएस का दल भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही एमपी पुलिस, एसएएफ, पुलिस बैंड, एनसीसी (गर्ल्स और बॉयज विंग), स्काउट-गाइड और महिला शौर्य दल भी कदमताल करेंगे। परेड के दौरान पुलिस बैंड देशभक्ति की धुनों से माहौल को और जोशीला बनाएगा।
पहली बार तीन केंद्रीय बलों की भागीदारी
पहले जहां केवल दो केंद्रीय सशस्त्र बलों की टुकड़ियां शामिल होती थीं, वहीं इस बार आईटीबीपी, सीआरपीएफ और सीआईएसएफ की तीन प्लाटून भी राज्य स्तरीय परेड में भाग लेंगी। गृह विभाग की झांकी में डायल 112 सेवा और शहीद स्मारक की झलक देखने को मिलेगी। अन्य विभागों की झांकियां भी प्रदेश की कला और संस्कृति को दर्शाएंगी।
तिरंगा डोम में बैठेंगे 10 हजार दर्शक
कार्यक्रम में करीब 10 हजार दर्शकों के आने की संभावना है। इनके लिए तिरंगे रंग के डोम तैयार किए गए हैं, जिनमें केसरिया, सफेद और हरे पर्दों से सजी कुर्सियां लगाई गई हैं।
प्रवेश व्यवस्था:
वीआईपी/वीवीआईपी: पुलिस कंट्रोल रूम गेट
आम दर्शक: पीएचक्यू के सामने वाले दोनों प्रवेश द्वार
कड़ी सुरक्षा, हर गतिविधि पर नजर
पूरे आयोजन की सुरक्षा के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मी, डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड तैनात किए जाएंगे। हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

