
भोपाल में रेस्टोरेंट और पब-बार की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था जांचने के लिए नगर निगम की म्युनिसिपल कोर्ट ने शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाया। बंसल वन, डीबी मॉल और नर्मदापुरम रोड समेत कई जगहों पर जांच के दौरान करीब 40 प्रकरण दर्ज किए गए।
कार्रवाई के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में एक्सपायरी कोल्ड्रिंक्स और खाद्य सामग्री रखने के तरीके में नियमों की अनदेखी सामने आई। टीम ने संदिग्ध भोजन और पेय पदार्थों के नमूने भी सील किए।
बंसल वन में कई रेस्टोरेंट-बार की जांच
म्युनिसिपल कोर्ट की टीम करीब दोपहर 1:30 बजे बंसल वन पहुंची। यहां फर्जी कैफे, रोमियो लेन, फ्लाइंग सोसर, रास्ता, माय बार, आयबरी, कव्वाली और संकल्प की जांच की गई। विशेष म्युनिसिपल मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी तरुणेंद्र प्रताप सिंह ने खुद किचन और स्टोरेज की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
एक्सपायरी कोल्ड्रिंक्स और गंदगी मिली
जांच में कुछ स्थानों पर एक्सपायर हो चुके कोल्ड्रिंक्स सर्व किए जाने की बात सामने आई। कुछ डीप-फ्रीजर में वेज और नॉनवेज सामग्री को एक साथ रखा गया था। कई जगह सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। नियमों की अनदेखी पर स्टाफ को फटकार लगाई गई और कुछ मामलों में मौके पर ही जुर्माना किया गया।
30 से ज्यादा वाहनों के साथ पहुंची टीम
नगर निगम उपायुक्त हीरेन्द्र सिंह कुशवाह के अनुसार अभियान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 और नगर पालिक निगम अधिनियम के प्रावधानों के तहत किया गया। स्वास्थ्य शाखा, अतिक्रमण निरोधक दस्ता और वेटनरी विंग के कर्मचारियों वाली टीम 30 से अधिक वाहनों के साथ बंसल वन पहुंची। बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने के बाद इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
खाने और कोल्ड्रिंक्स के सैंपल सील
जांच के दौरान गुणवत्ता को लेकर संदिग्ध पाए गए भोजन और कोल्ड्रिंक्स के नमूने लिए गए। टीम ने इन सैंपलों को सील कर दिया। शुक्रवार की कार्रवाई रात 8 बजे तक चली। इस दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से जुड़े करीब 40 प्रकरण दर्ज किए गए।
आठ महीने बाद फिर सड़क पर उतरा चलित न्यायालय
भोपाल में चलित न्यायालय की बड़ी कार्रवाई करीब 8 महीने बाद हुई है। इससे पहले एमपी नगर में इसी तरह का अभियान चलाया गया था।
इसके बाद हाल ही में बुधवार को ISBT परिसर में भी जांच की गई थी। उस कार्रवाई में 24 प्रकरण बनाए गए थे।
आगे भी जारी रहेगा औचक निरीक्षण
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक शहर में रेस्टोरेंट और ढाबों की जांच का अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा। खाद्य गुणवत्ता और नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ औचक निरीक्षण के साथ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

