
भोपाल। राजधानी भोपाल में अजीबोगरीब निर्माण की चर्चाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। पहले 90 डिग्री एंगल वाला ऐशबाग ब्रिज और छोटे कद का मेट्रो स्टेशन चर्चा में रहा, अब करोंद इलाके में एक और हैरान करने वाला नजारा सामने आया है। यहां हाईटेंशन लाइन का टावर सड़क के ठीक बीचोंबीच खड़ा है और उसके नीचे से ही वाहन गुजर रहे हैं। इस अनोखी व्यवस्था को लोग ‘एफिल टॉवर सड़क’ कहकर चर्चा कर रहे हैं।
टावर के नीचे से गुजर रही सड़क
करोंद की विनायक कॉलोनी में हाईटेंशन लाइन का यह टावर कई सालों से खड़ा है। चौंकाने वाली बात यह है कि इसके नीचे से ही सड़क निकाल दी गई है। स्थानीय लोग रोजाना पैदल, बाइक और कार से इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में लोगों को हमेशा हाईटेंशन लाइन से जुड़े खतरे का डर बना रहता है।
पहले खाली इलाका था, अब बढ़ी आबादी
स्थानीय निवासी महेंद्र सिंह राजपूत के अनुसार, यह पोल कई वर्षों से इसी जगह मौजूद है। पहले यहां ज्यादा आबादी नहीं थी, लेकिन समय के साथ कॉलोनी बस गई और अब बड़ी संख्या में लोग यहां रहने लगे हैं। बढ़ती आबादी के कारण अब यह पोल लोगों के लिए खतरे का कारण बन गया है।
बारिश में करंट फैलने की आशंका
रहवासियों का कहना है कि टावर के नीचे से बड़ी गाड़ियां आसानी से नहीं निकल पातीं। बरसात के मौसम में करंट फैलने का डर भी बना रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। लोगों का कहना है कि राजधानी में इस तरह की व्यवस्था गंभीर लापरवाही को दिखाती है और हाईटेंशन लाइन को जल्द शिफ्ट किया जाना चाहिए।
बिजली कंपनी शिफ्टिंग की तैयारी में
बिजली कंपनी के स्तर पर टावर को दूसरी जगह शिफ्ट करने की कोशिशें चल रही हैं। इस मुद्दे पर कई बार चर्चा भी हो चुकी है, लेकिन अब तक टावर हटाया नहीं जा सका है।
सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद यह टावर फिर चर्चा में आ गया है और लोगों ने जल्द समाधान की मांग उठाई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

