
भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित पीपल्स यूनिवर्सिटी में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब यूनिवर्सिटी प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल मिला। मेल में दावा किया गया कि परिसर में साइनाइड गैस से लैस बम लगाए गए हैं और तय समय पर विस्फोट हो सकता है। सूचना मिलते ही प्रबंधन ने बिना देर किए छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया, वहीं पुलिस और बम निरोधक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
डीन को मिला संदिग्ध ईमेल, तय समय का भी जिक्र
यूनिवर्सिटी के डीन की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आए संदेश में दावा किया गया कि मेडिकल कॉलेज भवन में खतरनाक IED लगाए गए हैं। मेल में धार्मिक नारे के साथ दोपहर 12:15 बजे धमाके की चेतावनी दी गई थी और सुबह 11 बजे तक परिसर खाली कराने की बात कही गई। इस संदेश ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सतर्क कर दिया।
एहतियातन खाली कराया गया पूरा कैंपस
धमकी मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए क्लासरूम, ओपीडी, हॉस्टल और प्रशासनिक भवनों से छात्रों, डॉक्टरों व कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने हर संदिग्ध जगह की बारीकी से जांच की। पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया ताकि किसी भी जोखिम से बचा जा सके।
पुलिस और साइबर सेल की जांच तेज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ईमेल की तकनीकी जांच जारी है। संदेश किस आईडी से भेजा गया और उसका सर्वर लोकेशन क्या है, इसका पता लगाने के लिए साइबर टीम सक्रिय हो गई है। शुरुआती स्तर पर इसे फर्जी धमकी या शरारत की आशंका भी माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं।
परिसर और आसपास फैली चिंता
घटना की खबर फैलते ही यूनिवर्सिटी परिसर में मौजूद लोगों के बीच घबराहट का माहौल बन गया। कई अभिभावक भी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए। हालांकि तय समय तक किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
ईमेल में लिखी गई विवादित बातें
धमकी भरे मेल में खुद को एक संगठन से जुड़ा बताते हुए कुछ राजनीतिक और प्रशासनिक आरोपों का जिक्र किया गया था। संदेश में दावा किया गया कि कथित तौर पर तमिलनाडु से जुड़े मुद्दों और पुलिसकर्मियों के सम्मान से संबंधित मांगों को लेकर यह कदम उठाया गया है। साथ ही मेडिकल कॉलेज को आसान निशाना बताते हुए धमाके और आत्मघाती हमले जैसी बातें भी लिखी गई थीं, जिसकी जांच एजेंसियां गंभीरता से कर रही हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

