
भोपाल। नर्सरी में दाखिले के लिए बच्चे की उम्र कम से कम 3 साल होनी चाहिए। परेशानी यह है कि उम्र की गणना के लिए सभी स्कूलों ने एक जैसी तारीख निर्धारित नहीं की है। कुछ स्कूल 31 जुलाई 2027 को कटऑफ मान रहे हैं, जबकि कुछ संस्थानों में सितंबर 2027 तक की तारीख के आधार पर उम्र की पात्रता तय की जा रही है। इसका असर यह होगा कि समान उम्र के दो बच्चों में से एक को किसी स्कूल में प्रवेश मिल सकता है, जबकि दूसरे संस्थान में वही बच्चा निर्धारित आयु सीमा पूरी नहीं कर पाएगा। इसलिए अभिभावकों को आवेदन से पहले स्कूल की शर्तें जांचनी पड़ रही हैं।
स्कूलों की फीस और नियमों पर अभिभावक संघ ने उठाए सवाल
अभिभावक संघ के सचिव प्रमोद पांडे ने निजी स्कूलों की प्रवेश प्रक्रिया में आवेदन शुल्क को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि दाखिले के नाम पर स्कूल अपनी मर्जी से रजिस्ट्रेशन फीस वसूल रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि आवेदन शुल्क की अधिकतम सीमा तय होनी चाहिए। साथ ही चयन नहीं होने पर फीस वापस करने की व्यवस्था और EWS सीटों की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
आवेदन के बाद भी वापस नहीं मिलेगी फीस
भोपाल के निजी स्कूलों में नर्सरी से पहली कक्षा तक प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। संस्थानों ने रजिस्ट्रेशन के लिए 500 से 2,000 रुपए तक की राशि निर्धारित की है। यह शुल्क नॉन रिफंडेबल रखा गया है। यानी आवेदन करने के बाद बच्चे का चयन नहीं होने पर भी परिवार को जमा की गई रकम वापस नहीं मिलेगी। एक और परेशानी यह है कि स्कूलों की ओर से उपलब्ध सीटों और कुल प्राप्त आवेदनों का स्पष्ट विवरण सार्वजनिक नहीं किया जाता।
दिल्ली में 25 रुपए, भोपाल में 2 हजार तक रजिस्ट्रेशन फीस
निजी स्कूलों की आवेदन फीस को लेकर दिल्ली और भोपाल के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने निजी स्कूलों के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क की अधिकतम सीमा 25 रुपए निर्धारित की है। इसके मुकाबले भोपाल में एक स्कूल का फॉर्म भरने के लिए ही अभिभावकों को 500 से 2,000 रुपए तक देने पड़ रहे हैं।
तीन स्कूलों में आवेदन करने पर 6 हजार तक खर्च
अच्छे स्कूल में बच्चे का दाखिला सुनिश्चित करने की कोशिश में अभिभावक एक ही संस्थान पर निर्भर नहीं रहना चाहते। इस कारण कई परिवार दो से तीन स्कूलों में आवेदन कर रहे हैं। अगर तीनों स्कूलों की फीस 500 से 2,000 रुपए के दायरे में हो, तो केवल आवेदन प्रक्रिया पर 1,500 से 6,000 रुपए तक खर्च हो सकते हैं।
अभिभावक अब आवेदन शुल्क की सीमा तय करने और चयन नहीं होने पर रकम लौटाने के स्पष्ट नियम बनाने की मांग कर रहे हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

