
भोपाल की औद्योगिक क्षमता बढ़ाने की दिशा में सोमवार को एक अहम कदम उठाया जाएगा। राजधानी के कोलार क्षेत्र के मुखर्जी नगर सतगढ़ी में बनने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
यह परियोजना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य राजधानी में निवेश, उद्योग, आधुनिक अधोसंरचना और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देना है।
173 एकड़ में विकसित होगा स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क
प्रस्तावित पार्क करीब 173 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसमें आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना के साथ बेहतर सड़क एवं परिवहन संपर्क, आईटी और एआई आधारित सुविधाएं, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग कॉम्प्लेक्स तथा भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा।
पार्क में गारमेंट, उच्च मूल्य विनिर्माण, टॉयज, आईटी, एआई, लॉजिस्टिक्स और अन्य उभरती तकनीकों से जुड़े उद्योगों को स्थापित करने की योजना बनाई गई है।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने क्या कहा
क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा के अनुसार, यह परियोजना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर शुरू की जा रही है, जिससे भोपाल की औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।
उन्होंने बताया कि पार्क में गारमेंट और आईटी कंपनियों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित होंगी। साथ ही एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर की भी नींव रखी जाएगी।
200 से अधिक उद्योगपति होंगे शामिल
भूमिपूजन कार्यक्रम में देश और प्रदेश के 200 से अधिक उद्योगपति, निवेशक तथा विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
इस आयोजन को प्रदेश की औद्योगिक विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
'वर्क-लिव-ग्रो' मॉडल पर होगा विकास
पूरी परियोजना 'वर्क-लिव-ग्रो' मॉडल पर विकसित की जाएगी। इसके तहत उद्योगों के साथ कौशल विकास, नवाचार और बेहतर जीवन से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं का समन्वित विकास किया जाएगा।
इससे राजधानी में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का संतुलित विस्तार होने और नए निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है।
25 एकड़ में बनेगा कन्वेंशन और एग्जिबिशन सेंटर
परियोजना के तहत लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में विश्वस्तरीय कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर विकसित किया जाएगा।
इसकी क्षमता 10 हजार से अधिक लोगों की होगी, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के निवेशक सम्मेलन, औद्योगिक प्रदर्शनियां, व्यापारिक आयोजन और वैश्विक व्यावसायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
कोलार क्षेत्र को मिलेगा नया औद्योगिक आधार
अब तक मुख्य रूप से आवासीय क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले कोलार को यह परियोजना उद्योग, निवेश और रोजगार के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अनुमान है कि इससे 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिसका लाभ भोपाल और आसपास के युवाओं को मिलेगा।
निवेशकों को बेहतर कनेक्टिविटी
सतगढ़ी क्षेत्र की लोकेशन भी इस परियोजना की बड़ी विशेषता मानी जा रही है।
राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से बेहतर संपर्क
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन तक आसान पहुंच
कोलार रोड से सीधा जुड़ाव
प्रस्तावित वेस्टर्न बायपास का लाभ
इन सुविधाओं से उद्योग स्थापना, लॉजिस्टिक्स और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

