सोमवार, 24 अगस्त 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल: एक दिन में चोरी की सात वारदातों से हड़कंप, पुलिस लाइन से CCTV-DVR चोरी, कई घरों और बाजार में भी हुई घटनाएं

24 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल: एक दिन में चोरी की सात वारदातों से हड़कंप, पुलिस लाइन से CCTV-DVR चोरी, कई घरों और बाजार में भी हुई घटनाएं
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। राजधानी भोपाल में चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। शहर के 38 थाना क्षेत्रों में चोरी के मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार और रविवार की रात अलग-अलग इलाकों में चोरी के सात प्रकरण दर्ज किए गए।


पुलिस के मुताबिक, शहर में सूने मकानों को चोर लगातार निशाना बना रहे हैं। ऐसे मामलों में नकदी और आभूषण के अलावा मोबाइल फोन समेत घरेलू सामान भी चोरी होने की शिकायतें मिल रही हैं। अलग-अलग क्षेत्रों से रोजाना चार से पांच चोरी की घटनाएं सामने आने की जानकारी है।


पुलिस लाइन में घुसकर CCTV और DVR चोरी

कमला नगर क्षेत्र की नेहरू नगर पुलिस लाइन में चोरों ने पुलिस विभाग की महिला सूबेदार के घर को निशाना बनाया। आरोपी महिला दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुई और घर के बाहर लगे CCTV कैमरे के साथ DVR भी ले गई।


चोरी गए उपकरणों की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत मिलने के बाद कमला नगर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया है। प्रकरण सूबेदार स्नेहा के पति हैप्पी रेकवार की शिकायत पर दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी निरुपमा पांडेय के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है।


नया बसेरा में ताला तोड़कर चोरी

कमला नगर थाना क्षेत्र के नया बसेरा में एक मकान को निशाना बनाया गया। यहां चोर ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और 10 हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। मामले में लीला पाटीदार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।


शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र के ईदगाह हिल्स में भी इसी रात चोरी की घटना हुई। बदमाशों ने मकान का ताला तोड़कर करीब 50 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया।


कोलार में जेवर और नकदी पर हाथ साफ

कोलार थाना क्षेत्र की राजवैद्य कॉलोनी में भी चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। यहां से जेवर और 10 हजार रुपये नकद चोरी किए जाने की शिकायत पुलिस तक पहुंची है।


पुलिस अब अलग-अलग घटनाओं में मिले CCTV फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए जांच टीमों को लगाया गया है।


बाजार से मोबाइल और घर के बाहर से सिलेंडर चोरी

हबीबगंज थाना क्षेत्र के बिट्टन मार्केट में राज सिंह की जेब से मोबाइल फोन चोरी होने का मामला दर्ज हुआ है। दूसरी घटना गोविंदपुरा के ई-सेक्टर की है, जहां बटन लाल के घर में रखा मोबाइल अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।


निशातपुरा के राजीव नगर में चोरों ने घर के सामने रखा गैस सिलेंडर भी नहीं छोड़ा। इन मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


फिलहाल पुलिस की जांच CCTV फुटेज और संदिग्धों की पहचान पर केंद्रित है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच सूने मकानों और सार्वजनिक स्थानों पर चोरी रोकना पुलिस के लिए अहम चुनौती बना हुआ है।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें