
भोपाल। राजधानी भोपाल में ट्रक चोरी का एक मामला सामने आया है, जिसमें दो युवकों ने पहले चालक से लिफ्ट ली और रास्ते में उससे दोस्ती कर ली। बाद में शराब पिलाने के बाद चालक को पानी लेने भेजकर चाबी लगी गाड़ी लेकर फरार हो गए।
करीब 20 लाख रुपये कीमत का नया आयशर ट्रक पीथमपुर से झारखंड जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने GPS लोकेशन के आधार पर पीछा किया और कुछ ही घंटों में गुनगा क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक बरामद कर लिया।
देवास के पास मांगी थी लिफ्ट
खजूरीसड़क पुलिस के मुताबिक, आगरा निवासी 53 वर्षीय धर्मवीर सिंह जाट ट्रक चालक हैं। रविवार तड़के करीब 4 बजे वे पीथमपुर स्थित प्लांट से बिना नंबर का नया आयशर ट्रक लेकर झारखंड के डीलर के लिए निकले थे।
देवास के पास दो युवकों ने भोपाल जाने के लिए उनसे लिफ्ट मांगी। दोनों के साथ 400 रुपये किराया तय हुआ, जिसके बाद वे ट्रक में सवार हो गए।
रास्ते में शराब पी, फिर बनाया चोरी का प्लान
शाम करीब 7 बजे बरखेड़ा बोंदर के पास तीनों ने ट्रक रोककर शराब पी। इसके बाद दोनों युवकों ने धर्मवीर से पास की गुमठी से पानी लाने के लिए कहा।
चालक ट्रक की चाबी लगी छोड़कर पानी लेने चला गया। कुछ देर बाद वापस आया तो ट्रक और दोनों युवक मौके से गायब थे।
GPS ने खोली ट्रक की लोकेशन
ट्रक चोरी की सूचना पुलिस को मिलते ही उसकी GPS लोकेशन खंगाली गई। लोकेशन गुनगा की तरफ जाती मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। कुछ ही समय में पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया और उसमें सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इंदौर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस ने सुनील राठौर (30) और राहुल परिहार (32) को गिरफ्तार किया है। दोनों नर्सरी कॉलोनी, लसूड़िया, इंदौर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया नया आयशर ट्रक भी बरामद कर लिया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

