शनिवार, 18 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

CM मोहन यादव के 'राम एक शादी करेगा तो रहीम भी एक ही शादी करेगा' बयान पर रामेश्वर शर्मा ने भोपाल में लगवाए होर्डिंग, बना चर्चा का विषय

18 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
CM मोहन यादव के 'राम एक शादी करेगा तो रहीम भी एक ही शादी करेगा' बयान पर रामेश्वर शर्मा ने भोपाल में लगवाए होर्डिंग, बना चर्चा का विषय
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हालिया बयान के बाद अब राजधानी भोपाल में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं, जिनमें उनका चर्चित संदेश प्रमुखता से लिखा गया है— "राम एक शादी करेगा तो रहीम भी एक ही शादी करेगा।"


ये होर्डिंग भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा की ओर से लगाए गए हैं। इनमें केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए समान नागरिक संहिता लागू करने की पहल का समर्थन किया गया है।


भोपाल के प्रमुख स्थानों पर लगे होर्डिंग

विधायक रामेश्वर शर्मा के मालवीय नगर स्थित कार्यालय सहित भोपाल के कई प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर ये होर्डिंग लगाए गए हैं। इन होर्डिंग्स में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के एक विवाह और समान नागरिक कानून संबंधी बयान को प्रमुखता से स्थान दिया गया है।


क्या कहा था मुख्यमंत्री ने?

शुक्रवार को दतिया में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समान नागरिक संहिता का समर्थन करते हुए कहा था कि प्रदेश में सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून होना चाहिए। उन्होंने भगवान राम का उदाहरण देते हुए कहा था कि "राम एक शादी करेगा तो दूसरा चार शादी क्यों करेगा?" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ किसी भी प्रकार की अन्यायपूर्ण प्रथा स्वीकार नहीं की जाएगी और तीन तलाक जैसी प्रथाओं पर सख्त कार्रवाई होगी।


कैबिनेट बैठक में शामिल हो सकता है UCC प्रस्ताव

सूत्रों के अनुसार, भोपाल के जगदीशपुर में होने वाली कैबिनेट बैठक के एजेंडे में समान नागरिक संहिता (UCC) का प्रस्ताव शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि सरकार इस दिशा में बड़ा फैसला लेने की तैयारी में है।


मानसून सत्र में लागू होने की संभावना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही संकेत दे चुके हैं कि इसी मानसून सत्र में मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। ऐसे में राजधानी में लगाए गए ये होर्डिंग सरकार के आगामी फैसले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संदेश के रूप में भी देखे जा रहे हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें