
भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहपुरा इलाके में पुलिस ने एक उज्बेकिस्तान की महिला को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि महिला का वीजा करीब एक साल पहले ही खत्म हो चुका था, लेकिन वह किराए के मकान में रह रही थी। इस मामले में पश्चिम बंगाल के एक युवक को भी हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों को फ्लैट खाली करते समय कुछ संदिग्ध लगा। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू हुई।
शाहपुरा के किराए के फ्लैट से हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक शाहपुरा इलाके के त्रिलोचन नगर स्थित एक फ्लैट में विदेशी महिला रह रही थी। मकान मालिक ने किराएदार साजिद हुसैन खान को फ्लैट खाली करने के लिए कहा था। सोमवार को जब साजिद अपना सामान लेकर बाहर निकल रहा था, तभी आसपास रहने वाले लोगों को शक हुआ। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला खुलकर सामने आया।
पूछताछ में सामने आई महिला की पहचान
पुलिस पूछताछ में महिला ने अपना नाम बखरोमोवा निलोफर बताया। उसने खुद को उज्बेकिस्तान का नागरिक बताया। दस्तावेजों की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला का वीजा पहले ही एक्सपायर हो चुका था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि वह करीब 8 से 10 दिन पहले ही भोपाल पहुंची थी।
युवक के बुलावे पर भोपाल आई थी महिला
प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार महिला पश्चिम बंगाल निवासी साजिद हुसैन खान के बुलावे पर भोपाल आई थी। दोनों किराए के फ्लैट में रह रहे थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला इतने समय तक भारत में कैसे रह रही थी और उसके दस्तावेजों का इस्तेमाल कहां-कहां हुआ। जांच एजेंसियां महिला के ट्रैवल रिकॉर्ड और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं।
पुलिस जांच में जुटी, बढ़ सकती हैं मुश्किलें
पुलिस का कहना है कि विदेशी नागरिकों से जुड़े मामलों में वीजा नियमों का उल्लंघन गंभीर माना जाता है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार महिला और युवक से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद कई और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

