
भोपाल। राजधानी भोपाल में पानी की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मंगलवार को बड़ा तालाब से सप्लाई होने वाले पानी की जांच खुद महापौर मालती राय ने की। विधानसभा के सामने स्थित नगर निगम फिल्टर प्लांट के निरीक्षण के बाद उन्होंने दावा किया कि यहां से दिया जा रहा पानी पूरी तरह शुद्ध है और लोगों को RO लगाने की जरूरत नहीं है। गर्मी बढ़ने के साथ शहर में पानी की खपत भी तेजी से बढ़ी है। ऐसे में कम प्रेशर और गंदे पानी की शिकायतों ने नगर निगम की चिंता बढ़ा दी थी। इसी वजह से यह निरीक्षण खास माना जा रहा है।
बड़ा तालाब के पानी की पूरी प्रक्रिया देखी गई
महापौर मालती राय ने एमआईसी मेंबर और बीजेपी जिलाध्यक्ष रविंद्र यती के साथ फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि बड़ा तालाब से आने वाले रॉ वाटर को किस तरह कई चरणों में साफ कर शहर तक पहुंचाया जाता है। निरीक्षण टीम ने फिल्ट्रेशन सिस्टम, मशीनों और ट्रीटमेंट प्रक्रिया को करीब से देखा। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम इस जांच को लेकर अतिरिक्त सतर्क नजर आया।
लैब टेस्ट के बाद अधिकारियों ने मौके पर ही पिया पानी
निरीक्षण के दौरान प्लांट की लैब में पानी की टेस्टिंग भी कराई गई। जांच रिपोर्ट में पानी सुरक्षित पाए जाने के बाद बीजेपी जिलाध्यक्ष रविंद्र यती और अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग ने महापौर के सामने ही पानी पीकर भरोसा जताया। महापौर मालती राय ने कहा कि कई इलाकों से कम प्रेशर और गंदे पानी की शिकायतें मिल रही थीं, इसलिए पूरी व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि फिल्टर प्लांट से सप्लाई किया जा रहा पानी शुद्ध है।
“RO लगाने की जरूरत नहीं” : महापौर का बड़ा बयान
निरीक्षण के बाद महापौर ने साफ कहा कि जिन इलाकों में बड़ा तालाब का पानी सप्लाई हो रहा है, वहां रहने वाले लोगों को RO लगाने की आवश्यकता नहीं है। उनके मुताबिक फिल्टर प्लांट में पानी की गुणवत्ता का लगातार परीक्षण किया जाता है। उन्होंने यह भी माना कि गर्मी में पानी की मांग बढ़ने से सप्लाई पर दबाव बढ़ा है। इसी वजह से कुछ क्षेत्रों में कम प्रेशर की समस्या सामने आई है, जिस पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
भोपाल में किन स्रोतों से पहुंचता है पानी?
भोपाल शहर में फिलहाल 4 बड़े स्रोतों से पानी सप्लाई किया जाता है। इनमें सबसे ज्यादा इलाकों तक कोलार डैम का पानी पहुंचता है।
कोलार डैम : शहर के आधे से ज्यादा हिस्से में सप्लाई
केरवा डैम : कोलार रोड की कॉलोनियों में पानी
बड़ा तालाब : लालघाटी और कोहेफिजा समेत कई इलाकों में सप्लाई
नर्मदा नदी परियोजना : होशंगाबाद रोड और आसपास की कॉलोनियों तक पानी
नगर निगम का दावा है कि सभी स्रोतों के पानी की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अब लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि शिकायतों में वास्तव में कितनी कमी आती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

