
भोपाल। केंद्रीय मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगे। भोपाल में वे करीब ₹3,774 करोड़ की लागत से बनने वाले पश्चिमी बायपास का भूमि पूजन करेंगे, साथ ही कई अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
35.61 किमी लंबा फोर-लेन बायपास भोपाल-जबलपुर मार्ग को भोपाल-देवास-इंदौर मार्ग से जोड़ेगा। इससे भारी वाहनों को शहर के भीतर आए बिना इंदौर जाने का वैकल्पिक रास्ता मिलेगा।
इटायाकलां से फंदा कलां तक बनेगा बायपास
परियोजना मंडीदीप के पास इटायाकलां से शुरू होगी। इसका रास्ता कोलार और रातीबड़ से गुजरते हुए ग्राम फंदा कलां तक पहुंचेगा। पहले इस सड़क की प्रस्तावित लंबाई 40.90 किमी थी। संशोधित अलाइनमेंट के बाद इसे घटाकर 35.61 किमी किया गया है।
बायपास में ये सुविधाएं होंगी
परियोजना में सामान्य सड़क के साथ कई महत्वपूर्ण संरचनाएं भी प्रस्तावित हैं—
सर्विस रोड
फ्लाईओवर
बड़े ग्रेड सेपरेटर
रेलवे ओवरब्रिज (ROB)
रातापानी क्षेत्र के पास वाइल्डलाइफ वायडक्ट
वाइल्डलाइफ वायडक्ट का प्रावधान वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया गया है।
कई जिलों के लिए आसान होगा इंदौर का सफर
पश्चिमी बायपास बनने के बाद जबलपुर, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, हरदा, भोपाल, रायसेन और सीहोर से इंदौर की ओर आने-जाने में सुविधा मिलने की बात कही गई है। भारी वाहनों को भोपाल शहर से बाहर ही वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा। इससे शहर के अंदर वाहनों का दबाव और ट्रैफिक जाम कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
भेल दशहरा मैदान में 35 हजार गोपालकों का सम्मेलन
अमित शाह भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इसमें प्रदेश के करीब 35 हजार गोपालक और सहकारी दुग्ध उत्पादन समिति के सदस्य शामिल होंगे। सम्मेलन में भोपाल, सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम के गोपालक व सदस्य शामिल होंगे।
पुलिस विभाग की प्रदर्शनी का उद्घाटन
भेल दशहरा मैदान में पुलिस विभाग की ओर से न्याय संहिता और पुलिस अभियानों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। अमित शाह इसका उद्घाटन करने के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
IISER परिसर और स्वामी विवेकानंद प्रतिमा का कार्यक्रम
दौरे के दौरान भौरी के पास IISER (अत्रि) परिसर का शिलान्यास भी प्रस्तावित है। इसी परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी अमित शाह करेंगे। इसके अलावा उज्जैन में ₹255 करोड़ और भोपाल में फार्मेटेड प्रोडक्ट दूध प्लांट, डेयरी प्रसंस्करण तथा गुणवत्ता जांच लैब समेत कई अन्य परियोजनाओं की सौगात देने की जानकारी दी गई है।
सीएम मोहन यादव ने तैयारियों की समीक्षा की
अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। दौरे से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों और परियोजनाओं की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

