
भोपाल। प्रदेश की राजधानी के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने कैटेगरी-1 हॉकी फील्ड का प्रमाणपत्र प्रदान किया है। इसके साथ ही भोपाल प्रदेश का पहला और देश का दूसरा शहर बन गया है, जहां FIH कैटेगरी-1 प्रमाणित हॉकी मैदान उपलब्ध है।
इससे पहले हैदराबाद में इस श्रेणी का मैदान मौजूद है। प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि एफआईएच की ओर से मैदान का परीक्षण 6 नवंबर 2026 को किया गया था। निर्धारित अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने के बाद इसे कैटेगरी-1 का प्रमाणन दिया गया है। यह प्रमाणपत्र 6 नवंबर 2029 तक वैध रहेगा।
मंत्री विश्वास सारंग ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इसके लिए खेल विभाग, निर्माण एजेंसी और परियोजना से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
19 नवंबर से होगा महिला एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी का आयोजन
भोपाल के इसी अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर में 19 नवंबर 2026 से महिला एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। इस आयोजन से भोपाल को अंतर्राष्ट्रीय खेल जगत में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मानकों से लैस यह मैदान खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही मध्यप्रदेश को बड़े अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाने में मददगार साबित होगा। साथ ही प्रदेश के उभरते हॉकी खिलाड़ियों को भी इससे प्रेरणा मिलेगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

