
भोपाल शहर के लिए खुशखबरी अब बस कुछ कदम दूर है। राजधानी की मेट्रो ट्रेन अब कमर्शियल रन की ओर अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) अपनी रिपोर्ट इसी हफ्ते भोपाल मेट्रो कॉरपोरेशन को सौंप सकते हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही राज्य सरकार को भेजी जाएगी और फिर नई दिल्ली से हरी झंडी मिलते ही भोपाल मेट्रो का कमर्शियल संचालन शुरू हो जाएगा।
सबसे खास बात — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस मेट्रो के लोकार्पण करेंगे और संभव है कि वे भोपाल मेट्रो के पहले यात्री भी बनें। इंदौर मेट्रो का उन्होंने 31 मई को वर्चुअल तरीके से लोकार्पण किया था, लेकिन भोपाल मेट्रो को लेकर उम्मीद है कि पीएम प्रेज़ेंस में इसका शुभारंभ करेंगे।
3 दिन तक चला कड़ा निरीक्षण
12 नवंबर को सीएमआरएस टीम भोपाल पहुंची और 13, 14 तथा 15 नवंबर को पूरी मेट्रो परियोजना का विस्तृत निरीक्षण किया गया। कमिश्नर नीलाभ्र सेनगुप्ता ने अपनी टीम के साथ डिपो, ट्रैक, ट्रेन, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से लेकर मेट्रो के नट-बोल्ट तक बारीकी से जांच की। जांच पूरी होने के बाद टीम वापस लौट गई और अब केवल रिपोर्ट का इंतजार है।
किन मानकों की जांच हुई?
➡️ रख-रखाव और सुरक्षा मानकों की जांच
➡️ ट्रेन परीक्षण दस्तावेज एवं संचालन नियंत्रण केंद्र की समीक्षा
➡️ पावर सप्लाई और थर्ड रेल सिस्टम टेस्ट
➡️ ऑटोमेटिक ट्रेन कंट्रोल, एटीएस/एटीपी सिस्टम
➡️ इमरजेंसी ब्रेकिंग और इंटरलॉकिंग
➡️ फायर सेफ्टी, यात्री सुविधाएं और स्टेशन मैनेजमेंट
मेट्रो अफसरों का दावा – सब ‘ओके’!
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, कमर्शियल रन के लिए जरूरी सभी तकनीकी और सुरक्षा कार्य पूरे हो चुके हैं। कुछ स्टेशनों पर केवल फिनिशिंग व विजुअल काम बाकी है, लेकिन उसका संचालन पर असर नहीं पड़ेगा। इसी वजह से उम्मीद जताई जा रही है कि रिपोर्ट ‘ओके’ ही आएगी, और जल्द ही भोपाल मेट्रो पटरियों पर आम यात्रियों को लेकर दौड़ती नज़र आएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

