
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद पटना में सत्ता वापसी का सबसे बड़ा राजनीतिक मंच सज चुका है। गांधी मैदान को शपथ ग्रहण स्थल बनाया गया है, जहाँ 20 नवंबर को बेहद भव्य समारोह होने की तैयारी है। इसी दिन नीतीश कुमार दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, तैयारियों से साफ दिख रहा है कि शपथ समारोह का आयोजन 20 नवंबर को ही तय माना जा रहा है, भले ही आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। सबसे खास बात—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शपथ समारोह में मौजूद रहेंगे।
गांधी मैदान 4 दिनों तक बंद, तैयारियां तेज
पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान अगले चार दिनों तक आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। यहाँ मंच, वीवीआईपी सेक्टर, सुरक्षा घेरा और मीडिया ज़ोन तैयार किए जा रहे हैं। शपथ समारोह में पीएम मोदी के साथ कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और एनडीए के प्रमुख नेता शामिल होंगे।
वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को हो रहा खत्म
वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इसी वजह से सरकार गठन की प्रक्रिया पहले शुरू की जा रही है। अभी भले आधिकारिक पत्र जारी नहीं हुआ है, लेकिन गांधी मैदान की तैयारियाँ सब कुछ बता रही हैं— एनडीए की नई सरकार का शपथ समारोह 20 नवंबर को ही होगा।
कैबिनेट की अंतिम बैठक, आज ही राज्यपाल को सौंपेंगे इस्तीफा
सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक बुलाई गई है। बैठक में वर्तमान कैबिनेट भंग करने का प्रस्ताव होगा और नई सरकार के गठन की औपचारिक मंजूरी होगी। बैठक के तुरंत बाद नीतीश कुमार अपने इस्तीफे के साथ राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात कर सकते हैं।
NDA को मिली ऐतिहासिक जीत—243 में से 202 सीटें
इस चुनाव में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 202 सीटों पर जीत हासिल की:
भाजपा – 89 सीटें
जदयू – 85 सीटें
एलजेपी – 19 सीटें
हम (सेक्युलर) – 5 सीटें
रालोद – 4 सीटें
यह परिणाम बताता है कि बिहार की राजनीति में एनडीए की पकड़ अभी भी बेहद मजबूत है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

