
भोपाल। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी 23 जून से 6 जुलाई तक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पक्ष मनाएगी। इस दौरान प्रदेशभर में बूथ स्तर से लेकर जिला और नगर स्तर तक कई वैचारिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी निर्देश के अनुसार यह अभियान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष और जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के संदर्भ में आयोजित किया जा रहा है। पार्टी इसे देशव्यापी अभियान के रूप में चला रही है।
बूथ गौरव दिवस और वैचारिक व्याख्यान होंगे
मध्य प्रदेश भाजपा इस पूरे पखवाड़े में 'बूथ गौरव दिवस' मनाएगी। इसके साथ विभिन्न स्थानों पर वैचारिक व्याख्यान आयोजित होंगे, जिनमें कार्यकर्ताओं और आम लोगों को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों तथा धारा 370 हटाने से जुड़े विषयों की जानकारी दी जाएगी। पार्टी का कहना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए 'राष्ट्र प्रथम' के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अभियान की निगरानी के लिए केंद्रीय संचालन टोली में प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह को भी शामिल किया गया है।
हर जिले में होंगे कार्यकर्ता सम्मेलन
प्रदेश के सभी जिलों में बड़े स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें तीन अलग-अलग विषयों पर विशेष व्याख्यान होंगे। इन व्याख्यानों में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सामाजिक और राजनीतिक योगदान, केंद्रीय मंत्री के रूप में उनकी भूमिका तथा भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
युवा मोर्चा करेगा छात्र सम्मेलन
भाजपा युवा मोर्चा की अगुवाई में प्रदेश के प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों के बाहर छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के अनुसार ये कार्यक्रम शैक्षणिक परिसरों के बाहर आयोजित होंगे, ताकि बड़ी संख्या में युवा और छात्र अभियान से जुड़ सकें।
नामकरण, प्रतिमा अनावरण और वृक्षारोपण
इस अभियान के दौरान प्रदेश के शहरों और नगरों में किसी प्रमुख चौराहे, मार्ग या उद्यान का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर किया जाएगा। साथ ही उनकी प्रतिमा या चित्र का अनावरण भी प्रस्तावित है। मानसून को देखते हुए भाजपा ने प्रत्येक बूथ पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का भी निर्णय लिया है। पार्टी का कहना है कि संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

